home page

कैप्टन ठाकुर राम सिंह की स्मृति में धर्मशाला में फुटबाल प्रतियोगिता 13 से 15 अगस्त तक

 | 

धर्मशाला, 09 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रगान धुन के निर्माता एवं महान स्वतंत्रता सेनानी कैप्टन ठाकुर राम सिंह की स्मृति में धर्मशाला के खनियारा पटोला मैदान में 13 से 15 अगस्त तक आयोजित होने वाले फुटबॉल टूर्नामेंट की तैयारियां तेज हो गई हैं। टूर्नामेंट में विभिन्न क्षेत्रों की कुल 14 टीमें हिस्सा लेंगी।

विजय शमशेर भंडारी ने बताया कि कैप्टन राम सिंह ठाकुर की स्मृति में 13 से 15 अगस्त तक धर्मशाला के खनियारा के फुटबॉल मैदान में तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में 14 टीमें भाग लेंगी। खिलाड़ियों एवं अधिकारियों के लिए वाटरप्रुफ टेंट, चिकित्सा सुविधा, जलपान सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में सीआईएसएफ के सेवानिवृत्त डीआईजी विनोद मुख्य अतिथि होंगे, जबकि 14 अगस्त को कर्नल महेश गुरुंग कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। समापन समारोह के मुख्यातिथि के नाम की घोषणा जल्द की जाएगी। भंडारी ने कहा कि समिति का उद्देश्य केवल खेल प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि युवाओं को नशे से दूर रखकर खेलों के प्रति प्रेरित करना भी है। उन्होंने बताया कि भविष्य में कैप्टन राम सिंह ठाकुर के सम्मान में संगीत प्रतियोगिता आयोजित करने की भी योजना है, ताकि उनके अद्वितीय संगीत योगदान से नई पीढ़ी को परिचित कराया जा सके। उन्होंने खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों और क्षेत्रवासियों से प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।

बारिश को लेकर मैदान किया दुरूस्त

टूर्नामेंट को लेकर मैदान में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। बरसात के कारण पटोला मैदान में जलभराव की समस्या सामने आ रही थी। इसे देखते हुए एमसी धर्मशाला के वार्ड नंबर 15 खनियारा के पार्षद प्रवीण प्रकाश की ओर से जेसीबी की सहायता से मैदान के आसपास निकासी नाली का निर्माण करवाया गया है। आयोजकों का कहना है कि इससे मैदान में पानी जमा होने की समस्या कम होगी और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

इस अवसर पर गोरखा समुदाय के मुखिया कैप्टन विजय गुरुंग, कैप्टन शिवराज थापा, शिक्षाविद् विजय शमशेर भंडारी सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे। पार्षद प्रवीण प्रकाश ने कहा कि खेल और युवाओं को बढ़ावा देने के साथ सामाजिक एकता को मजबूत करने वाले ऐसे आयोजनों के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।

ये टीमें लेंगी भाग

आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में इंद्रूनाग एफए रेड, इंद्रूनाग एफए ब्लू, शाहपुर एफसी, ओल्ड कांगड़ा एफसी, सेक्रेड हार्ट स्कूल, रियो सिद्धपुर एफसी, ग्रेस फुटबॉल क्लब, नेटर फुटबॉल क्लब, पालमपुर एफसी, बैजनाथ एफसी, धर्मशाला वेटरंस, सिक्किम यूनाइटेड एफसी, ईगल एफसी और मैक्लोडगंज यूनाइटेड एफसी की टीमें शामिल होंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया