एसपीएल : राहुल के हरफनमौला खेल से जस्टिस एसएन द्विवेदी एकादश बना चैम्पियन
प्रयागराज, 28 फरवरी (हि.स.)। राहुल राजपाल के हरफनमौला खेल के दम पर जस्टिस द्विवेदी एकादश ने चीफ जस्टिस एसके वर्मा एकादश को 113 रन से हराकर आनंद शुक्ला-मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए खेली जा रही संगम प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता की खिताब पर कब्जा जमा लिया।
केपी कॉलेज मैदान पर शनिवार को खेले गए फाइनल मैच में टॉस जीतकर जस्टिस एसएन द्विवेदी एकादश ने 40 ओवर में चार विकेट पर 275 रन (राहुल राजपाल व सचिन रमेश तिवारी 58-58, सिद्धार्थ मिश्रा 49 नाबाद, देवांश पाठक 48, तेजस मिश्रा 42 नाबाद) रन बनाए। जवाब में चीफ जस्टिस एसके वर्मा एकादश की टीम 35.4 ओवर में 162 रन (हर्षित नारायण तिवारी 28, संदीप पटेल 22 नाबाद, आदित्य तिवारी 22) पर सिमट गई। मैच में शिशिर मेहरोत्रा व अनूप कुमार शर्मा ने अम्पायरिंग, खुर्शीद अहमद व अंकित पांडेय ने स्कोरिंग की। प्रितेश सोनकर व आशीष भारतीय रिजर्व ऑफिशियल रहे।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि महापौर गणेश केसरवानी ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की। राहुल राजपाल को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इलाहाबाद क्रिकेट एसोसिएशन के निदेशक आरपी भटनागर ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह देकर, निदेशक डॉ. सुरेश द्विवेदी ने शॉल ओढ़ाकर और निदेशक डॉ. जूली ओझा ने पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। अध्यक्षता कर रहे केपी ट्रस्ट के पूर्व अध्यक्ष व वरिष्ठ अधिवक्ता टीपी सिंह ने और विशिष्ट अतिथि अधिवक्ता कौशलेंद्र नाथ सिंह ने उपविजेता ट्रॉफी प्रदान की।
कार्यक्रम का संचालन निदेशक डॉ.जूली ओझा ने एवं इलाहाबाद क्रिकेट एसोसिएशन के निदेशक एसडी कौटिल्य ने धन्यवाद ज्ञापित किया। यंगस्टर्स क्लब व जिला फुटबाल संघ के अध्यक्ष और पीडीए के रिटायर्ड अधिशासी अभियंता नारायणजी गोपाल, अनुराग श्रीवास्तव, एलबी काला, फ़राज़ मुश्ताक, सोमेश्वर पांडेय, बलराम सिंह, नेहा श्रीवास्तव, मोहम्मद आसिफ, विवेक सिंह, राकेश मिश्रा, गौरव पाठक, सचिन प्रकाश सिंह, श्यामू भारतीय, अजय कुशवाहा, धीरज अवस्थी, राजीव कुशवाहा आदि मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

