home page

हरमनप्रीत की कप्तानी पर झूलन ने कहा- नेतृत्व सिर्फ कप्तानी का बैज पहनना नहीं

 | 
हरमनप्रीत की कप्तानी पर झूलन ने कहा- नेतृत्व सिर्फ कप्तानी का बैज पहनना नहीं


नई दिल्ली, 08 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्व भारतीय क्रिकेटर झूलन गोस्वामी ने सभी प्रारूपों में भारतीय महिला टीम की कप्तानी छोड़ने वाली हरमनप्रीत कौर की सराहना की है। उन्होंने हरमनप्रीत के नेतृत्व में भारतीय महिला क्रिकेट के महत्वपूर्ण पड़ावों को याद करते हुए कहा कि कप्तानी छोड़ना उनके करियर में एक नए अध्याय की शुरुआत है।

हरमनप्रीत ने हाल ही में भारत को पहली बार सीनियर महिला वनडे विश्व कप खिताब दिलाने के बाद कप्तानी छोड़ने का फैसला किया। उनकी जगह स्मृति मंधाना को टीम का नया कप्तान बनाया गया है। हालांकि, हरमनप्रीत जिम्बाब्वे के खिलाफ आगामी वनडे और टी20 सीरीज के लिए टीम का हिस्सा बनी हुई हैं।

झूलन ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “नेतृत्व सिर्फ कप्तानी का बैज पहनना नहीं है, बल्कि टीम की उम्मीदों को अपने कंधों पर उठाना, उतार-चढ़ाव के बीच मजबूती से खड़े रहना और खेल को पहले से बेहतर स्थिति में छोड़ना है।” उन्होंने कहा कि हरमनप्रीत ने साहस, मजबूती और दृढ़ विश्वास के साथ भारतीय महिला क्रिकेट का नेतृत्व किया और कई महत्वपूर्ण मौकों पर टीम की जिम्मेदारी गर्व के साथ संभाली।

झूलन ने कहा कि कप्तानी से हटने के बाद हरमनप्रीत अब खेल को और अधिक स्वतंत्रता के साथ खेल सकेंगी। उन्होंने हरमनप्रीत को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “खुले मन, जुनून और उसी जज्बे के साथ खेलती रहें, जिसने आपको हमेशा चैंपियन बनाया है।”

हरमनप्रीत 2018 से भारत की पूर्णकालिक टी20 कप्तान थीं और 2022 में मिताली राज से वनडे टीम की कमान संभाली थी। उनके नेतृत्व में भारत ने अपना पहला सीनियर महिला वनडे विश्व कप खिताब जीता। टीम ने घरेलू मैदान पर फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर यह उपलब्धि हासिल की।

उनकी कप्तानी में भारत ने 2012, 2016, 2022 और 2026 में चार एशिया कप खिताब तथा 2022 और 2026 में लगातार दो एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक जीते। इसके अलावा 2022 में इंग्लैंड के खिलाफ 1999 के बाद पहली द्विपक्षीय वनडे सीरीज जीत, 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऐतिहासिक टेस्ट जीत और 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ पहली टी20 सीरीज जीत भी उनके कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल रही।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय