home page

लिटिल चैंप फुटबॉल प्रतियोगिता में गोला बना चैम्पियन

 | 
लिटिल चैंप फुटबॉल प्रतियोगिता में गोला बना चैम्पियन


लिटिल चैंप फुटबॉल प्रतियोगिता में गोला बना चैम्पियन


रामगढ़, 14 जुलाई (हि.स.)। रामगढ़ शहर के गांधी ममोरियल मुख्यमंत्री उत्कृष्ट प्लस विद्यालय परिसर में झारखंड शिक्षा परियोजना के तत्वावधान में दो दिवसीय जिला स्तरीय द्वितीय लिटिल चैंप फुटबॉल प्रतियोगिता का मंगलवार को शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन अंडर-12 बालिका वर्ग के रोमांचक मुकाबले खेले गए, जिसमें शानदार प्रदर्शन करते हुए गोला प्रखंड की टीम जिला चैम्पियन बनी।

प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला शिक्षा अधीक्षक खुशबू कुमारी, अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी अनूप एम केरकेट्टा, एपीओ कुमार राज, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सुलोचना कुमारी और विद्यालय के प्राचार्य संतोष कुमार अनल ने संयुक्त रूप से किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता के पहले दिन जिले के छह प्रखंडों की अंडर-12 बालिका टीमों ने भाग लिया। उद्घाटन मुकाबला दुलमी प्रखंड और पतरातू प्रखंड के बीच खेला गया। निर्धारित समय तक मुकाबला बराबरी पर रहने के बाद ट्राई-ब्रेकर में दुलमी प्रखंड ने जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया।

फाइनल मुकाबला गोला प्रखंड एवं दुलमी प्रखंड के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया, लेकिन गोला प्रखंड की टीम ने 1–0 से शानदार जीत दर्ज करते हुए प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया। समापन अवसर पर अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर जिला शिक्षा अधीक्षक खुशबू कुमारी ने कहा कि लिटिल चैंप फुटबॉल प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में खेल भावना, अनुशासन, टीमवर्क एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करना है। उन्होंने कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि बच्चे जमकर खेलें और मन लगाकर पढ़ाई करें, तभी वे जीवन के हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त करेंगे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में शारीरिक शिक्षा शिक्षक मिथलेश कुमार रविदास, शेखर कुमार, कुलदीप कुमार, तेजू मुंडा, दीपक सिंह, धर्मजीत सिंह चौहान सहित अन्य का योगदान रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश