home page

आईएसएसएफ जूनियर विश्व चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम घोषित, 84 निशानेबाज जर्मनी में दिखाएंगे दम

 | 

नई दिल्ली, 15 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय राइफल संघ भारत (एनआरएई) ने जर्मनी के सुहल में आयोजित होने वाली आईएसएसएफ जूनियर विश्व चैंपियनशिप 2026 के लिए भारतीय दल की घोषणा कर दी है। 16 से 26 जून तक चलने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारत के 84 युवा निशानेबाज विभिन्न स्पर्धाओं में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

विश्व चैंपियनशिप में भारतीय दल राइफल, पिस्टल और शॉटगन वर्गों में चुनौती पेश करेगा। प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करने का बड़ा मंच मानी जाती है।

राइफल स्पर्धाओं में 10 मीटर एयर राइफल, 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन और 50 मीटर राइफल प्रोन वर्गों में पुरुष एवं महिला निशानेबाज भाग लेंगे। वहीं पिस्टल वर्ग में 10 मीटर एयर पिस्टल, 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल, स्पोर्ट्स पिस्टल, स्टैंडर्ड पिस्टल और 50 मीटर पिस्टल जैसी स्पर्धाओं में भारतीय खिलाड़ी अपनी चुनौती पेश करेंगे।

शॉटगन वर्ग में ट्रैप और स्कीट स्पर्धाओं के पुरुष और महिला वर्गों में भी भारतीय दल हिस्सा लेगा। इसके अलावा एयर राइफल, एयर पिस्टल और ट्रैप की मिश्रित टीम स्पर्धाओं में भी भारत दो-दो टीमों के साथ मैदान में उतरेगा।

चैंपियनशिप का आधिकारिक कार्यक्रम 16 जून को खिलाड़ियों के आगमन के साथ शुरू होगा। 17 जून को अभ्यास सत्र और तकनीकी बैठकें आयोजित की जाएंगी, जबकि 18 से 25 जून तक क्वालीफिकेशन और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता का समापन 26 जून को होगा।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय