home page

आईपीएल 2026: राजस्थान रॉयल्स ने नई जर्सी का अनावरण किया

 | 
आईपीएल 2026: राजस्थान रॉयल्स ने नई जर्सी का अनावरण किया


जयपुर, 18 मार्च (हि.स.)। राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने आगामी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) सीजन के लिए अपनी नई जर्सी का बुधवार को अनावरण किया।

आईपीएल के पहले सीजन की विजेता रही रॉयल्स ने सोशल मीडिया एक्स पोस्ट के जरिए यह जानकारी साझा की। पोस्ट के कैप्शन में लिखा, नया लुक, वही हल्ला बोल। जर्सी: रिवील्ड।

नव नियुक्त कप्तान रियान पराग, युवा और आक्रामक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और लेग स्पिनर रवि बिश्नोई इस दौरान मौजूद थे। उन्होंने आईपीएल 2026 सीजन के लिए अपनी नई जर्सी प्रदर्शित की।

आईपीएल की शुरुआत 28 मार्च से हो रही है। राजस्थान रॉयल्स अपना पहला मैच 30 मार्च को चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ खेलेगी।

रियान पराग आरआर के लिए सात सीजन खेले हैं। इस दौरान 84 आईपीएल मैचों में 1566 रन बनाए हैं। इस सीजन संजू सैमसन के चेन्नई सुपर किंग्स में शामिल होने के बाद रियान पराग को राजस्थान रॉयल्स का नया कप्तान बनाया गया है।

25 वर्षीय बिश्नोई को पिछले साल दिसंबर में हुई मिनी नीलामी में राजस्थान रॉयल्स ने 7.2 करोड़ रुपये में खरीदा था। उससे पहले वह लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा थे। बिश्नोई ने अब तक 77 आईपीएल मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 72 विकेट हासिल किए हैं।

उभरते हुए युवा सितारों में से एक वैभव सूर्यवंशी को 2024 में राजस्थान रॉयल्स ने 1.1 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा था। आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स के लिए शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 मैचों में 252 रन बनाए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह