अंतिम ओवरों में हम उतने रन नहीं बना सके, जितना हम चाहते थे : दिनेश कार्तिक
बेंगलुरु, 19 अप्रैल (हि.स.)। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बल्लेबाजी कोच दिनेश कार्तिक ने दिल्ली कैपिटल्स से मिली हार के बाद टीम के प्रदर्शन पर कहा कि अंतिम ओवरों में हम उतने रन नहीं बना सके, जितना हम चाहते थे। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि मुश्किल पिच पर हमने अधिकांश समय अच्छा खेल दिखाया।
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में दिल्ली कैपिटल्स के विरुद्ध मैच में आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सलामी बल्लेबाज फिल साल्ट की 63 रन की पारी की मदद से 20 ओवर में आठ विकेट पर 175 रन बनाए थे। जवाब में दिल्ली की टीम ने चार विकेट पर 179 रन बनाकर मैच जीत लिया। दिल्ली के लिए केएल राहुल (57) और ट्रिस्टन स्टब्स (60) ने बेहतरीन बल्लेबाजी की, लेकिन आखिरी ओवर में डेविड मिलर ने 10 गेंदों में 22 रन की विस्फोटक पारी खेलकर मैच फिनिश किया।
आरसीबी के बल्लेबाजी कोच दिनेश कार्तिक ने टीम के प्रयासों पर बात करते हुए कहा कि बल्लेबाजी के लिए यह एक मुश्किल पिच थी और हमने पारी के लगभग 75 प्रतिशत हिस्से में काफी अच्छा खेला। लेकिन आखिरी पांच ओवरों में हम उतने रन नहीं बना सके जितने हम चाहते थे। इसके बावजूद हमने बेहतरीन गेंदबाजी की और फील्डिंग में पूरी जान लगा दी। अंत में उनके दो शानदार बल्लेबाज आए और मैच को पलट दिया, जो टी20 क्रिकेट में होता है।
कार्तिक ने आगे कहा कि भुवी, हेजलवुड और रासिख ने बेहतरीन ओवर डाले। 19वां ओवर एकदम सटीक था और हमने मैच को अंत तक ले जाने की कोशिश की। फिर शेफर्ड ने भी कुछ अच्छी गेंदें डालीं, लेकिन डेविड मिलर ने भी कुछ शानदार शॉट्स लगाए। कुल मिलाकर गेंदबाजी से हम संतुष्ट हैं। हालांकि थोड़ा और बेहतर कर सकते थे। इस तरह के मैच में आप हमेशा यही सोचते हैं कि हम कहां थोड़ा और बेहतर कर सकते थे। दिल्ली कैपिटल्स को भी इसका श्रेय जाता है, जिन्होंने बढ़िया खेला।
कार्तिक ने टीम के जज्बे पर जोर देते हुए कहा कि हमें यह समझना होगा कि हम कहां बेहतर कर सकते थे और टीम में लड़ने का जज्बा बनाए रखना जरूरी है। हमें कभी नहीं लगा कि हम कम रन बना पाए हैं। हमारी फील्डिंग शानदार रही और हमने 175 रन को 190 जैसा बना दिया। अगर आखिर में थोड़ा और भाग्य साथ देता, तो नतीजा अलग हो सकता था। कुल मिलाकर, मैदान पर उतरे उन 12 खिलाड़ियों ने जो लड़ने का जज्जबा और रवैया दिखाया, वह दिल को बहुत तसल्ली देने वाला था। एक टीम के तौर पर यह हमारे लिए बहुत हौसला बढ़ाने वाली बात है।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू का अगला मैच 24 अप्रैल को गुजरात टाउटंस से है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

