home page

आईपीएल का 19वां मैच इकाना स्टेडियम में खेला गया, गुजरात ने लखनऊ को सात विकेट से हराया

 | 
आईपीएल का 19वां मैच इकाना स्टेडियम में खेला गया, गुजरात ने लखनऊ को सात विकेट से हराया


लउनऊ, 12 अप्रैल (हि.स.)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का 19वां मैच रविवार को लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। टॉस जीतकर गुजरात ने पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। लखनऊ सुपर जाएंट्स (एलएसजी) और गुजरात टाइटंस (जीटी) के बीच खेले गए मैच में गुजरात ने लखनऊ की टीम को सात विकेट से हरा दिया।

लखनऊ की टीम ने पहले बल्लेबाजी की और 20 ओवर में आठ विकेट पर 164 रन बनाए। जवाब में गुजरात टाइटंस ने 18.4 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 165 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ गुजरात के चार मैचों में 2 जीत और 2 हार के साथ चार अंक हो गए हैं। टीम अंक तालिका में पांचवें नंबर पर पहुंच गई है। लखनऊ की चार मैचों में यह दूसरी हार है। उसके भी चार अंक है और अंक तालिका में छठे नंबर पर स्थित है।

लखनऊ के खिलाफ 165 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात को सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन और कप्तान शुभमन गिल ने सधी शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने शुरुआती पांच ओवर में 45 रन बटोरे। टीम को साई सुदर्शन के रूप में पहला झटका लगा। सुदर्शन 14 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 15 रन बनाकर आउट हुए।

इसके बाद शुभमन गिल ने तेजी से रन बटोरे और 33 गेंदों पर अर्धशतक जड़ दिया। उन्होंने जोस बटलर के साथ मिलकर 12वें ओवर तक टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया। गिल के बाद जोस बटलर ने भी अर्धशतक जड़ दिया। गुजरात को कप्तान गिल के रूप में दूसरा झटका लगा। गिल 40 गेंदों पर छह चौकों और एक छक्के की मदद से 56 रन बनाकर आउट हुए। गिल के बाद जोस बटलर भी 37 गेंदों पर 11 चौकों की मदद से 60 रन बनाकर आउट हो गए।

अंत में वाशिंगटन सुंदर और राहुल तेवतिया ने टीम का और कोई विकेट नहीं गिरने दिया और टीम को आठ गेंद शेष रहते जीत दिला दी। सुंदर 13 गेंदों पर नाबाद 21 रन और तेवतिया ने 08 गेंदों पर नाबाद 10 रन बनाए।

लखनऊ की ओर से मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव, दिग्वेश राठी ने एक-एक विकेट लिया।

इससे पहले लखनऊ की बल्लेबाजी इस मैच में कुछ खास नहीं रही। एलएसजी ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 164 रन बनाए। टीम के लिए कोई बल्लेबाज अर्धशतक नहीं लगा सका। एडेन मार्करम ने सबसे ज्यादा 30 रन बनाए। उनके अलावा निकोलस पूरन ने 21 गेंदों पर दो छक्कों की मदद से 19 रन बनाए।कप्तान ऋषभ पंत, अब्दुल समद और मुकुल चौधरी ने 18-18 रन बनाए। जॉर्ज लिंडे 16 रन, मोहम्मद शमी नाबाद 12 रन, मिचेल मार्श 11 रन और आयुष बदोनी ने नौ रन का योगदान दिया।

गुजरात के लिए प्रसिद्ध कृष्णा ने शानदार गेंदबाजी की और चार विकेट लिए। वहीं, अशोक शर्मा ने दो विकेट और मोहम्मद सिराज तथा कगिसो रबाडा ने एक-एक विकेट हासिल किया।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह