आईपीएल 2026: आरसीबी की धमाकेदार जीत, डेविड-पडिक्कल-पाटीदार के तूफान में बहा सीएसके
बेंगलुरु, 05 अप्रैल (हि.स.)। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने शानदार बल्लेबाजी और सटीक गेंदबाजी के दम पर चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) को 43 रन से हराकर आईपीएल 2026 में अपनी ताकत का दमदार प्रदर्शन किया।
एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 250/3 का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। टीम की ओर से टिम डेविड (70*), रजत पाटीदार (48*) और देवदत्त पडिक्कल (50) ने तूफानी पारियां खेलीं।
पडिक्कल ने पारी की नींव रखी और लगातार दूसरा अर्धशतक जड़ा, जबकि अंतिम ओवरों में डेविड और पाटीदार ने महज 35 गेंदों में 99 रन की अटूट साझेदारी कर मैच को पूरी तरह आरसीबी के पक्ष में झुका दिया। डेविड ने 21 गेंदों में अर्धशतक पूरा करते हुए विरोधी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीएसके की शुरुआत खराब रही और टीम लगातार विकेट गंवाती रही। सरफराज खान (50) और प्रशांत वीर (43) ने संघर्ष जरूर किया। वहीं, जेमी ओवर्टन ने 37 रन की दमदार पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट झटके और आईपीएल में अपने 200 विकेट पूरे किए। उनके अलावा जैकब डफी, अभिनन्दन सिंह और क्रुणाल पांड्या ने दो-दो विकेट चटका कर टीम की जीत में अहम योगदान दिया, जिससे सीएसके की टीम 207 रन पर सिमट गई।
इस जीत के साथ आरसीबी ने न सिर्फ मुकाबला अपने नाम किया, बल्कि आईपीएल इतिहास में पहली बार सीएसके के खिलाफ लगातार चार जीत भी दर्ज की। यह प्रदर्शन दर्शाता है कि मौजूदा चैंपियन इस सीजन में भी खिताब बचाने के इरादे से पूरी मजबूती के साथ उतरी है।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

