home page

आईपीएल 2026ः पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटंस को तीन विकेट से हराया

 | 
आईपीएल 2026ः पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटंस को तीन विकेट से हराया


- डेब्यू मैच में कूपर कोनोली ने खेली नाबाद अर्धशतकीय पारी

न्यू चंडीगढ़, 31 मार्च (हि.स.)। आईपीएल 2026 का चौथा मुकाबला मंगलवार को गुजरात टाइंटस और पंजाब किंग्स के बीच न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर में खेला गया। पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटंस को तीन विकेट से हराकर इस सीजन की शुरुआत जीत से की। गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 162 रन बनाए। जवाब में डेब्यू मैच खेलने वाले सलामी बल्लेबाज कूपर कोनोली ने शानदार नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली, जिससे पंजाब किंग्स ने 19.1 ओवर में सात विकेट पर 165 बनाकर मैच जीत लिया।

पंजाब किंग्स की स्थिति एक समय नाजुक हो गई थी, लेकिन कोनोली ने एक छोर से मोर्चा संभाला और टीम को जीत दिलाई। कोनोली 44 गेंदों पर पांच चौकों और पांच छक्कों की मदद से 72 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, प्रभसिमरन सिंह ने 37 रन की पारी खेली। गुजरात के लिए प्रसिद्ध कृष्णा ने तीन विकेट झटके, जबकि रबाडा, अशोक, राशिद और वाशिंगटन को एक-एक विकेट मिला।

इससे पहले गुजरात टाइटंस ने पंजाब किंग्स को 163 रनों का लक्ष्य दिया है। गुजरात ने 20 ओवर में छह विकेट पर 162 रन बनाए। गुजरात के लिए सबसे ज्यादा रन कप्तान शुभमन गिल ने बनाए। उन्होंने 39 रनों की पारी खेली, जबकि जोस बटलर ने 38 रन बनाए। गुजरात ने शुरुआत अच्छी की थी, लेकिन टीम इस लय को बरकरार नहीं रख सकी। आखिरी ओवर करने आए अर्शदीप सिंह ने 11 गेंदें की क्योंकि चार वाइड और एक नो बॉल फेंकी। पंजाब की ओर से विजयकुमार विशाक ने तीन विकेट, युजवेंद्र चहल ने दो विकेट और मार्को यानसेन ने एक विकेट झटके।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रभात मिश्रा