home page

आईपीएल 2026: रोहित-रिकेल्टन के तूफानी अर्धशतक से मुंबई ने केकेआर को हराया, तोड़ा ओपनिंग हार का सिलसिला

 | 
आईपीएल 2026: रोहित-रिकेल्टन के तूफानी अर्धशतक से मुंबई ने केकेआर को हराया, तोड़ा ओपनिंग हार का सिलसिला


मुंबई, 29 मार्च (हि.स.)। मुंबई इंडियंस (एमआई) ने आईपीएल 2026 के दूसरे मुकाबले में दमदार प्रदर्शन करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को 6 विकेट से हराकर सीजन के पहले मैच में जीत हासिल करने का 13 साल पुराना सूखा खत्म कर दिया।

इस जीत के नायक रहे रोहित शर्मा और रयान रिकल्टन, जिन्होंने शानदार अर्धशतक जड़ते हुए टीम को आसान जीत दिलाई। 224 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई ने 19.1 ओवर में 4 विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

रोहित शर्मा ने पुरानी लय में लौटते हुए 38 गेंदों पर 78 रनों की विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने महज 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जो उनके आईपीएल करियर का सबसे तेज पचासा रहा। रोहित ने अपनी पारी में 6 चौके और 6 छक्के जड़े और टीम को तूफानी शुरुआत दिलाई।

वहीं, रिकेल्टन ने भी आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 43 गेंदों पर 81 रन बनाए। उन्होंने 24 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और रोहित के साथ पहले विकेट के लिए 148 रनों की साझेदारी कर मैच लगभग एकतरफा कर दिया। मुंबई की पारी में अंत में कप्तान हार्दिक पांड्या ने नाबाद 18 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई।

इससे पहले, केकेआर ने कप्तान अजिंक्य रहाणे (67) और अंगकृष रघुवंशी (51) के अर्धशतकों की बदौलत बड़ा स्कोर खड़ा किया था। हालांकि, शार्दुल ठाकुर की शानदार गेंदबाजी (3/39) ने केकेआर की रफ्तार को थामने में अहम भूमिका निभाई।

इस जीत के साथ मुंबई इंडियंस ने न सिर्फ टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत की, बल्कि लंबे समय से चले आ रहे पहले मैच में हार के सिलसिले को भी खत्म कर दिया।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय