आईपीएल 2026 : मुंबई इंडियंस की धमाकेदार वापसी, गुजरात टाइटंस को 99 रन से रौंदा
अहमदाबाद, 20 अप्रैल (हि.स.)। लगातार चार हार के बाद मुंबई इंडियंस ने शानदार वापसी करते हुए गुजरात टाइटंस को 99 रन से हराकर सीजन की सबसे बड़ी जीत हासिल की। सोमवार को खेले गए इस मुकाबले में मुंबई ने हर विभाग में दबदबा दिखाया।
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनने वाली गुजरात के खिलाफ मुंबई ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 199 रन बनाए। जवाब में गुजरात की टीम 15.5 ओवर में सिर्फ 100 रन पर सिमट गई।
मुंबई की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने पावरप्ले में 48 रन तक 3 विकेट गंवा दिए। क्विंटन डी कॉक (13), डेब्यू कर रहे दानिश मालेवर (2) जल्दी आउट हो गए, जबकि नमन धीर ने 45 रन की अहम पारी खेली। इसके बाद नंबर-5 पर आए तिलक वर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 45 गेंदों में 101 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 8 चौके और 7 छक्के शामिल रहे।
गुजरात की ओर से कगिसो रबाडा ने 3 विकेट लिए, लेकिन अन्य गेंदबाज प्रभाव नहीं छोड़ सके।
200 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात की शुरुआत बेहद खराब रही। जसप्रीत बुमराह ने पहली ही गेंद पर साई सुदर्शन को आउट कर झटका दिया। पावरप्ले में टीम ने 45 रन तक 3 विकेट गंवा दिए, जिसमें जोस बटलर (5) और कप्तान शुभमन गिल (14) शामिल रहे।
इसके बाद अश्विनी कुमार ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके। उन्होंने राहुल तेवतिया (8), शाहरुख खान (17) और राशिद खान (4) को आउट कर मैच पूरी तरह मुंबई के पक्ष में कर दिया।
इस जीत के साथ मुंबई इंडियंस अंक तालिका में सातवें स्थान पर पहुंच गई है और उसके 4 अंक हो गए हैं। वहीं, गुजरात टाइटंस हार के बावजूद छठे स्थान पर बनी हुई है।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

