home page

सुपर ओवर के रोमांच में कोलकाता की जीत, रिंकू सिंह और सुनील नरेन बने हीरो

 | 
सुपर ओवर के रोमांच में कोलकाता की जीत, रिंकू सिंह और सुनील नरेन बने हीरो


लखनऊ, 26 अप्रैल (हि.स.)। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) को इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के पहले सुपर ओवर मुकाबले में हराकर शानदार जीत दर्ज की। बीआरएसएबीवी इकाना स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले ने दर्शकों को आखिरी गेंद तक बांधे रखा।

पहले बल्लेबाजी करते हुए केकेआर ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 155 रन बनाए। जवाब में एलएसजी ने भी 20 ओवर में 8 विकेट पर 155 रन बनाकर मैच टाई कर दिया। मैच का सबसे रोमांचक पल तब आया जब मोहम्मद शमी ने आखिरी गेंद पर छक्का जड़कर मुकाबले को बराबरी पर ला दिया।

सुपर ओवर में कोलकाता की ओर से सुनील नरेन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए लखनऊ को सिर्फ 01 रन पर रोक दिया और दो अहम विकेट झटके। निकोलस पूरन पहली ही गेंद पर बोल्ड हो गए, जबकि एडन मार्करम शानदार कैच के चलते आउट हुए। इस कैच में रोवमन पॉवेल और रिंकू सिंह की बेहतरीन साझेदारी देखने को मिली।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर के लिए रिंकू सिंह ने पहली ही गेंद पर चौका लगाकर टीम को जीत दिला दी। रिंकू ने इस मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए 51 गेंदों पर नाबाद 83 रन बनाए और फील्डिंग में भी चार अहम कैच लपके।

इस जीत के साथ केकेआर ने न सिर्फ अंक तालिका में अपनी स्थिति सुधारी, बल्कि टूर्नामेंट में अपनी दूसरी जीत भी दर्ज की। वहीं, एलएसजी के लिए यह मुकाबला बेहद करीबी हार के रूप में दर्ज हुआ।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय