home page

अक्षर-मिलर की तूफानी पारियों से दिल्ली की शानदार जीत, पंजाब की लगातार चौथी हार

 | 

धर्मशाला, 11 मई (हि.स.)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के सीजन 2026 में सोमवार को खेले गए रोमांचक मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स को 3 विकेट से हराकर प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में दिल्ली ने 211 रन का बड़ा लक्ष्य 19 ओवर में हासिल कर लिया। इस तरह पंजाब की यह लगातार चौथी हार रही।

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी दिल्ली के खिलाफ पंजाब ने आक्रामक शुरुआत की। युवा बल्लेबाज प्रियांश आर्या ने पहली ही गेंद पर छक्का जड़ते हुए टीम को तेज शुरुआत दिलाई। उन्होंने महज 33 गेंदों में 56 रन की शानदार पारी खेली। कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी जिम्मेदारी भरी बल्लेबाजी करते हुए 36 गेंदों पर नाबाद 59 रन बनाए। कूपर कोनोली ने 38 और सूर्यांश शेडगे ने केवल 8 गेंदों में 21 रन बनाकर पंजाब को 20 ओवर में 5 विकेट पर 210 रन तक पहुंचाया।

दिल्ली की ओर से मिचेल स्टार्क और युवा ऑलराउंडर माधव तिवारी ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि मुकेश कुमार को एक सफलता मिली।

बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही और शुरुआती विकेट जल्दी गिर गए। लेकिन कप्तान अक्षर पटेल ने शानदार कप्तानी पारी खेलते हुए 56 रन बनाए। उनके साथ डेविड मिलर ने भी विस्फोटक अंदाज में 51 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। ट्रिस्टन स्टब्स, साहिल परख और आशुतोष शर्मा ने भी उपयोगी योगदान दिया।

दिल्ली ने दबाव के बावजूद आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी और 19वें ओवर में लक्ष्य हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया। लगातार दो हार के बाद मिली इस जीत से दिल्ली की प्लेऑफ की उम्मीदें बरकरार हैं।

वहीं, पंजाब किंग्स के लिए यह हार चिंता बढ़ाने वाली है। टीम ने एक समय लगातार सात मैचों तक शानदार प्रदर्शन किया था, लेकिन अब लगातार चार हार ने उसकी स्थिति मुश्किल कर दी है। बल्लेबाजी में दमदार शुरुआत के बावजूद गेंदबाज दिल्ली के बल्लेबाजों को रोकने में नाकाम रहे।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय