home page

आईपीएल 2026 : चेन्नई ने कोलकाता को 32 रन से हराया, गेंदबाजों के दम पर जीता मैच

 | 
आईपीएल 2026 : चेन्नई ने कोलकाता को 32 रन से हराया, गेंदबाजों के दम पर जीता मैच


चेन्नई, 14 अप्रैल (हि.स.)। आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) ने अपने घरेलू मैदान चेपॉक पर दमदार प्रदर्शन करते हुए कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) को 32 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ चेन्नई ने लगातार दूसरी घरेलू जीत दर्ज की, जबकि केकेआर को इस सीजन में चौथी हार झेलनी पड़ी।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सीएसके ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 192 रन बनाए। टीम की ओर से संजू सैमसन ने 48 रन की अहम पारी खेली। वहीं आयुष म्हात्रे ने 17 गेंदों में 38 रन बनाकर तेज शुरुआत दिलाई, जबकि डेवाल्ड ब्रेविस ने भी 41 रन का योगदान दिया। हालांकि, डेथ ओवरों में चेन्नई की रन गति थोड़ी धीमी पड़ गई।

192 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर की शुरुआत खराब रही। फिन एलन जल्दी आउट हो गए, जबकि सुनील नरेन 24 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद कप्तान अजिंक्य रहाणे और अंगकृष रघुवंशी ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन 10वें ओवर के बाद विकेटों का सिलसिला शुरू हो गया।

चेन्नई के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मैच पर पकड़ बनाए रखी। नूर अहमद ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके और रहाणे, कैमरन ग्रीन व रिंकू सिंह को आउट किया। वहीं अंशुल कंबोज ने दो विकेट लिए, जबकि खलील अहमद और अकील हुसैन ने एक-एक विकेट हासिल किया।

केकेआर एक समय 90 रन पर 6 विकेट गंवा चुकी थी। इसके बाद रोवमन पॉवेल और रमनदीप सिंह ने 63 रन की साझेदारी की, लेकिन टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके।

अंत में कोलकाता की टीम 20 ओवर में 160/7 ही बना सकी और मैच 32 रन से हार गई। इस हार के साथ केकेआर की स्थिति अंक तालिका में और खराब हो गई है, जबकि सीएसके ने दमदार वापसी के संकेत दिए हैं।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय