home page

दून सुपर किंग्स और दून डेयर डेविल्स फाइनल में आमने-सामने

 | 
दून सुपर किंग्स और दून डेयर डेविल्स फाइनल में आमने-सामने


देहरादून, 28 मार्च (हि.स.)। उत्तरांचल प्रेस क्लब की ओर से आयोजित अंतर प्रेस क्रिकेट प्रतियोगिता में दून सुपर किंग्स और दून डेयर डेविल्स ने फाइनल में जगह बना ली है। फाइनल मुकाबला 30 मार्च को खेला जाएगा।

देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज मैदान में खेले गए सेमीफाइनल में दून सुपर किंग्स ने दून कैपिटल्स को 9 विकेट से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए दून कैपिटल्स की टीम 16 ओवर में 86 रन पर सिमट गई। जवाब में दून सुपर किंग्स ने 9.3 ओवर में एक विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

दून कैपिटल्स की ओर से सोबन सिंह गुसाईं ने सर्वाधिक 34 रन बनाए, जबकि अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। दून सुपर किंग्स की ओर से अजय राणा ने 4 ओवर में 16 रन देकर 3 विकेट लिए। दीपक पुरोहित, मनीष डंगवाल और हर्ष उनियाल ने भी प्रभावी गेंदबाजी की।

लक्ष्य का पीछा करते हुए शैलेन्द्र सेमवाल ने 21 गेंदों में 39 रन की तेज पारी खेली, जबकि मनीष डंगवाल और संजय नेगी ने टीम को जीत तक पहुंचाया। अजय राणा को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथियों ने उन्हें सम्मानित किया।

कार्यक्रम में भारतीय जीवन बीमा निगम के वरिष्ठ मंडल प्रबंधक एस.वी. यादव, राज्य आंदोलनकारी सहेन्द्र सिंह बिष्ट और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के पूर्व अध्यक्ष डॉ. गिरीश गोयल उपस्थित रहे। वक्ताओं ने खेलों के महत्व पर जोर देते हुए ऐसे आयोजनों को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता बताई।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय