home page

भारतीय महिला कबड्डी टीम बनी पहली राष्ट्रमंडल चैंपियन, युगांडा को 35-15 से हराया

 | 
भारतीय महिला कबड्डी टीम बनी पहली राष्ट्रमंडल चैंपियन, युगांडा को 35-15 से हराया


अहमदाबाद, 31 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय महिला कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली राष्ट्रमंडल कबड्डी चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया। निधि शर्मा की कप्तानी में भारत ने शनिवार को खेले गए फाइनल में युगांडा को 35-15 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहते हुए छह मैचों में छह जीत दर्ज की।

फाइनल में भारत की ओर से साक्षी ने सबसे अधिक नौ रेड अंक जुटाए। उन्होंने अपनी 10 रेड में से नौ अंक हासिल किए, जिनमें दो बोनस अंक शामिल रहे। अनु ने छह और कप्तान निधि शर्मा ने पांच रेड अंक जोड़े। रितु और सुमन ने रक्षापंक्ति में शानदार प्रदर्शन करते हुए चार-चार टैकल अंक हासिल किए।

भारत ने मुकाबले में 20 रेड और 10 टैकल अंक जुटाए तथा दो बार युगांडा को ऑलआउट किया। युगांडा की ओर से नाकायोंगो शिराट ने 11 अंक हासिल किए, लेकिन उन्हें अन्य खिलाड़ियों से अपेक्षित सहयोग नहीं मिला।

मुकाबले के पहले हाफ में भारत ने 22-7 की मजबूत बढ़त बना ली थी। शुरुआत में दोनों टीमों के बीच मुकाबला बराबरी का रहा, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने जल्द ही दबदबा बना लिया। पहले हाफ में भारत ने एक भी रेड गंवाए बिना छह सफल टैकल किए, जबकि युगांडा की टीम अपने सभी नौ टैकल प्रयासों में नाकाम रही।

दूसरे हाफ में युगांडा ने वापसी की कोशिश की और रेड अंकों के मामले में भारत से एक अंक आगे रहा, लेकिन भारतीय टीम ने एक और ऑलआउट करते हुए जीत सुनिश्चित कर दी। भारत ने युगांडा के रेडरों को 10 बार सफलतापूर्वक टैकल किया।

फाइनल की सर्वश्रेष्ठ भारतीय खिलाड़ी साक्षी ने छह मुकाबलों में कुल 52 अंक बनाए। उन्होंने कहा कि नौ रेड अंक हासिल कर टीम की जीत में योगदान देना उनके लिए खुशी की बात है। उनके मुताबिक, इस तरह की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं से कबड्डी को बढ़ावा मिलेगा और युवा खिलाड़ियों को अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा।

भारत ने टूर्नामेंट में मलेशिया को 73-13, सिंगापुर को 32-16, युगांडा को 41-18 और नाइजीरिया को 38-10 से हराकर ग्रुप-ए में शीर्ष स्थान हासिल किया था। इसके बाद सेमीफाइनल में श्रीलंका को 39-14 से शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई और खिताबी मुकाबले में युगांडा को हराकर इतिहास रच दिया।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय