home page

हॉकी विश्व कप 2026: इंग्लैंड से 2-4 से हारी भारतीय पुरुष टीम

 | 
हॉकी विश्व कप 2026: इंग्लैंड से 2-4 से हारी भारतीय पुरुष टीम


एम्सटेलवीन, 17 अगस्त (हि.स.)। भारतीय पुरुष हॉकी टीम को एफआईएच हॉकी विश्व कप 2026 के पूल डी के दूसरे मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ 2-4 से हार का सामना करना पड़ा। वागेनर हॉकी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने एक समय 2-1 की बढ़त बना ली थी, लेकिन इंग्लैंड ने शानदार वापसी करते हुए लगातार तीन गोल दागकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

इंग्लैंड की ओर से निकोलस बैंडुराक ने दो गोल, जबकि स्टुअर्ट रशमेयर और हेनरी क्रॉफ्ट ने एक-एक गोल किया। भारत के लिए कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला, जबकि दिलप्रीत सिंह ने शानदार मूव को पूरा करते हुए दूसरा गोल किया।

इंग्लैंड ने 14वें मिनट में बैंडुराक के गोल से बढ़त बनाई, लेकिन भारत ने दूसरे क्वार्टर में जोरदार वापसी की। हरमनप्रीत ने 17वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर शानदार फ्लिक से स्कोर 1-1 किया। इसके बाद 25वें मिनट में दिलप्रीत ने गोल कर भारत को 2-1 की बढ़त दिला दी। हाफ टाइम तक भारत ने इंग्लैंड के तीन के मुकाबले आठ शॉट गोल पर लगाए।

हालांकि, तीसरे क्वार्टर में इंग्लैंड ने वापसी की। रशमेयर ने 39वें मिनट में बराबरी का गोल किया, जबकि क्रॉफ्ट ने 43वें मिनट में अपना पहला विश्व कप गोल दागकर इंग्लैंड को 3-2 से आगे कर दिया। 55वें मिनट में बैंडुराक ने पेनल्टी कॉर्नर पर अपना दूसरा गोल कर इंग्लैंड की जीत सुनिश्चित कर दी।

इस जीत के साथ इंग्लैंड छह अंकों के साथ पूल डी में शीर्ष पर पहुंच गया और अगले चरण में जगह पक्की कर ली। भारत एक जीत और एक हार के साथ दूसरे स्थान पर है। अब भारत 19 अगस्त को पाकिस्तान के खिलाफ अपना आखिरी पूल मुकाबला खेलेगा, जो सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगा।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय