महिला टी-20 वर्ल्ड कप से भारत की विदाई, ऑस्ट्रेलिया ने 6 विकेट से हराया
लंदन, 28 जून (हि.स.)। आईसीसी महिला टी-20 विश्व कप में भारतीय टीम का सफर समाप्त हो गया। लॉर्ड्स में खेले गए अहम मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को छह विकेट से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। इस हार के साथ भारतीय टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई, जबकि ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका ने अंतिम चार में अपनी जगह पक्की कर ली।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने चार विकेट पर 170 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया। सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने तेज शुरुआत देते हुए पहले विकेट के लिए 66 रन जोड़े। शेफाली ने 34 और स्मृति ने 38 रन का योगदान दिया।
मध्यक्रम में कप्तान हरमनप्रीत कौर ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों पर 56 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में छह चौके और तीन छक्के लगाए। जेमिमा रोड्रिग्स के साथ उनकी महत्वपूर्ण साझेदारी ने भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। अंतिम ओवरों में तेज रन बटोरते हुए भारतीय टीम 170 रन तक पहुंचने में सफल रही।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआती झटके देकर मुकाबले को रोमांचक बना दिया। रेणुका सिंह, श्री चरणी और दीप्ति शर्मा ने शुरुआती विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को दबाव में डाल दिया।
हालांकि इसके बाद एलिस पेरी और एश्ले गार्डनर ने जिम्मेदारी संभालते हुए मैच का रुख बदल दिया। दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी कर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। पेरी ने 56 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि गार्डनर ने नाबाद 53 रन बनाकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया।
ऑस्ट्रेलिया ने 19 ओवर में चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। मुकाबले के अंतिम क्षणों में भारत ने वापसी की कोशिश की, लेकिन ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने संयम बनाए रखा।
इस मुकाबले से पहले भारत के लिए जीत जरूरी थी। दूसरी ओर दक्षिण अफ्रीका की जीत के बाद सेमीफाइनल की दौड़ और कठिन हो गई थी। अंततः भारत छह अंकों के साथ ग्रुप में तीसरे स्थान पर रहा, जबकि ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका ने अगले दौर में प्रवेश कर लिया।
भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में कई यादगार प्रदर्शन किए, लेकिन महत्वपूर्ण मुकाबलों में निरंतरता की कमी के कारण वह अंतिम चार में जगह बनाने से चूक गई। वहीं ऑस्ट्रेलिया ने दबाव के क्षणों में अनुभव का परिचय देते हुए एक बार फिर खिताब की दावेदारी मजबूत कर दी।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

