स्मृति मंधाना का तूफानी शतक, हांगकांग को 137 रन से रौंदकर भारत सेमीफाइनल में
दुबई, 03 सितंबर (हि.स.)। स्मृति मंधाना की रिकॉर्डतोड़ शतकीय पारी और भारतीय गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत ने महिला एशिया कप 2026 में हांगकांग को 137 रन से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 193 रन बनाए। मंधाना ने महज 64 गेंदों पर 14 चौकों और सात छक्कों की मदद से 124 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनके अलावा शेफाली वर्मा ने 17 गेंदों पर 28 रन बनाए। प्रतिका रावल ने 10, ऋचा घोष ने 11 और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 10 रन का योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी हांगकांग की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 16.2 ओवर में सिर्फ 56 रन पर ऑलआउट हो गई। दीप्ति शर्मा ने तीन विकेट झटके, जबकि नंदिनी शर्मा, श्री चरणी और प्रेमा रावत को दो- दो सफलता मिली।
मंधाना ने रचा इतिहास
स्मृति मंधाना की 124 रन की पारी सिर्फ मैच जिताऊ नहीं रही, बल्कि रिकॉर्डों से भी भरपूर रही। यह उनका अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 18वां शतक था, जिसके साथ उन्होंने मेग लैनिंग (17 शतक) को पीछे छोड़कर महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
इसके अलावा मंधाना ने पूर्व भारतीय कप्तान मिताली राज को पीछे छोड़ते हुए महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज बनने का भी गौरव हासिल किया। आईसीसी के अनुसार, मंधाना के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कुल रन 10,880 हो गए हैं, जबकि मिताली राज के नाम 10,868 रन हैं।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

