home page

बांग्लादेश के तेज गेंदबाजों ने आईसीसी वनडे रैकिंग में लगाई छलांग

 | 
बांग्लादेश के तेज गेंदबाजों ने आईसीसी वनडे रैकिंग में लगाई छलांग


नई दिल्ली, 29 अप्रैल (हि.स.)। बांग्लादेश गेंदबाज शोरिफुल इस्लाम, मुस्तफिजुर रहमान और नाहिद राणा को आईसीसी पुरुष वनडे गेंदबाजी रैंकिंग में फायदा हुआ है। बांग्लादेश ने हाल ही में अपने घर पर न्यूजीलैंड के खिलाफ 2-1 से वनडे सीरीज जीत हासिल की और तीन मैचों की सीरीज में इन तेज गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया।

शोरिफुल इस्लाम, मुस्तफिजुर रहमान और नाहिद राणा ने सीरीज जीत में अहम योगदान देते हुए बांग्लादेश के लिए कुल 18 विकेट लिए, जिसका फायदा इन्हें वनडे गेंदबाजी रैंकिंग में हुआ। वनडे गेंदबाजों की अपडेटेड रैकिंग में शोरिफुल 11 पायदान ऊपर चढ़कर 28वें स्थान पर पहुंच गए, जबकि रहमान 14 पायदान ऊपर चढ़कर 41वें स्थान पर पहुंच गए। सीरीज में प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे राणा ने अपने शानदार प्रदर्शन के बाद 16 पायदान ऊपर चढ़कर 48वें स्थान हासिल किया।

न्यूजीलैंड के लिए इस सीरीज में पांच विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज विल ओ'रूर्के 21 पायदान ऊपर चढ़ते हुए 51वें स्थान पर पहुंच गए।

वनडे बल्लेबाजों की नवीनतम रैंकिंग में भी कुछ ऐसी ही कहानी देखने को मिली, जिसमें नजमुल हुसैन शांतो (11 स्थान ऊपर चढ़कर 32वें स्थान पर) और लिटन दास (15 स्थान ऊपर चढ़कर 65वें स्थान पर) को फायदा हुआ। इस अनुभवी जोड़ी ने न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में अहम योगदान दिया। सीरीज में नजमुल ने कुल 155 रन और लिटन ने 129 रन बनाए।

वनडे ऑलराउंडरों की रैंकिंग में मेहदी हसन मिराज को फायदा हुआ है। सीरीज के निर्णायक मैच में 22 रनों की नाबाद पारी और दो विकेट लेने के बाद 28 वर्षीय खिलाड़ी एक स्थान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर पहुंच गए।

न्यूजीलैंड के साथ टी20 सीरीज के पहले मैच में अर्धशतक लगाने वाले बांग्लादेश के बल्लेबाज तौहीद हृदोय टी20 अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाजों की रैंकिंग में नौ पायदान ऊपर चढ़कर 39वें स्थान पर पहुंच गए, जबकि उनके साथी खिलाड़ी परवेज हुसैन एमोन तीन पायदान ऊपर चढ़कर 40वें स्थान पर पहुंचे।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह