home page

एलए-2028 ओलंपिक क्रिकेट के क्वालीफायर अमेरिका और बांग्लादेश में होंगे, आईसीसी ने तय की तारीखें

 | 

नई दिल्ली, 15 नवंबर (हि.स.)। लॉस एंजिलिस ओलंपिक-2028 में क्रिकेट की वापसी के लिए अंतिम क्वालीफाइंग स्थानों का फैसला पुरुष और महिला वर्ग के अलग-अलग आठ टीमों के टूर्नामेंट से होगा। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने रविवार को इंडोनेशिया के बाली में हुई बैठकों के बाद इन प्रतियोगिताओं के मेजबान और कार्यक्रम को मंजूरी दे दी।

पुरुष वर्ग का क्वालीफायर अमेरिका में 05 से 13 फरवरी 2028 तक, जबकि महिला वर्ग का टूर्नामेंट बांग्लादेश में 26 फरवरी से 05 मार्च 2028 तक खेला जाएगा। दोनों प्रतियोगिताओं में आठ-आठ टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें चार-चार टीमों के दो समूहों में बांटा जाएगा। प्रत्येक टूर्नामेंट में कुल 13 मैच होंगे। दोनों समूहों की शीर्ष टीमें फाइनल में पहुंचेंगी और खिताबी मुकाबले का विजेता एलए-2028 ओलंपिक के लिए अंतिम उपलब्ध स्थान हासिल करेगा।

आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजोग गुप्ता ने कहा कि वैश्विक क्रिकेट के विकास के लिए अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का कैलेंडर और क्वालीफिकेशन की प्रक्रिया बेहद महत्वपूर्ण है। उनके मुताबिक, प्रतियोगिताओं का स्पष्ट कार्यक्रम खिलाड़ियों और सदस्य देशों को दीर्घकालिक तैयारी, बेहतर प्रशिक्षण और प्रदर्शन योजनाएं बनाने में मदद करेगा।

टी-20 विश्व कप के क्वालीफायर प्रारूप को भी मंजूरी

आईसीसी बोर्ड ने पुरुष टी-20 विश्व कप 2028 के वैश्विक क्वालीफायर की रूपरेखा को भी मंजूरी दी। इसमें 16 टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 31 मैच खेले जाएंगे। टूर्नामेंट 2028 की पहली तिमाही में होगा। टीमों को चार समूहों में बांटा जाएगा। इसके बाद क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले होंगे। इस प्रतियोगिता से आठ टीमें ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में होने वाले टी-20 विश्व कप के लिए क्वालीफाई करेंगी।

क्वालीफिकेशन व्यवस्था में क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व को भी महत्व दिया गया है। प्रत्येक क्षेत्र की सर्वश्रेष्ठ टीम को न्यूनतम प्रदर्शन मानदंड पूरा करने की शर्त पर जगह मिलेगी। बाकी स्थान समग्र रूप से अगली सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग वाली टीमों को दिए जाएंगे।

महिला टी-20 विश्व कप 2028 के वैश्विक क्वालीफायर के लिए भी क्षेत्रवार स्थान तय कर दिए गए हैं। 2026 के संस्करण में खेलने वाली नीदरलैंड और स्कॉटलैंड की टीमें, जो 2028 के लिए सीधे क्वालीफाई नहीं कर सकीं, इस प्रतियोगिता में शामिल होंगी। इनके साथ 2027 में होने वाले पांच क्षेत्रीय क्वालीफायर से आठ टीमें आगे बढ़ेंगी। अफ्रीका, एशिया और पूर्वी एशिया-प्रशांत क्षेत्र को दो-दो स्थान मिलेंगे, जबकि अमेरिका और यूरोप को एक-एक स्थान दिया जाएगा। वैश्विक क्वालीफायर की शीर्ष दो टीमें 2028 महिला टी-20 विश्व कप में जगह बनाएंगी।

2035 तक पुरुषों के बड़े टूर्नामेंट का कार्यक्रम तय

आईसीसी ने 2035 तक होने वाले प्रमुख पुरुष टूर्नामेंटों के कार्यक्रम को भी मंजूरी दी है। इसके तहत 2028 का पुरुष टी-20 विश्व कप 12 अक्टूबर से 12 नवंबर तक ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में होगा। इंग्लैंड 08 से 12 जून 2029 तक विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की मेजबानी करेगा। इसके बाद 2030 का पुरुष टी-20 विश्व कप 04 जुलाई से 04 अगस्त तक इंग्लैंड, आयरलैंड और स्कॉटलैंड में आयोजित होगा।

भारत को 09 से 28 अक्टूबर 2029 तक पुरुष चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी सौंपी गई है। वहीं, 2031 का पुरुष क्रिकेट विश्व कप भारत और बांग्लादेश संयुक्त रूप से 09 अक्टूबर से 23 नवंबर तक आयोजित करेंगे।

आईसीसी के कैलेंडर में 2032 का पुरुष टी-20 विश्व कप, 2033 का विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल और चैंपियंस ट्रॉफी, 2034 का पुरुष टी-20 विश्व कप तथा 2035 का विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल और पुरुष क्रिकेट विश्व कप भी शामिल हैं। इन प्रतियोगिताओं के मेजबान अभी तय नहीं किए गए हैं।

इसके अलावा, फरवरी-मार्च 2027 में होने वाले पुरुष क्रिकेट विश्व कप क्वालीफायर में 10 टीमें हिस्सा लेंगी और 23 मैच खेले जाएंगे। टीमों को पांच-पांच के दो समूहों में बांटा जाएगा। इसके बाद सेमीफाइनल और फाइनल होंगे। शीर्ष चार टीमें 2027 विश्व कप में जगह बनाएंगी। क्वालीफायर की विजेता टीम सीधे ग्रुप चरण में पहुंचेगी, जबकि अन्य तीन टीमें सुपर सीरीज में खेलेंगी, जिसके जरिए ग्रुप चरण का अंतिम स्थान तय होगा।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय