home page

ऋषिकेश के अर्धशतक और प्रीतिश के चार विकेट से चराईदेव सनराइजर्स की जीत

 | 
ऋषिकेश के अर्धशतक और प्रीतिश के चार विकेट से चराईदेव सनराइजर्स की जीत


गुवाहाटी, 17 अगस्त (हि.स.)। चराईदेव सनराइजर्स ने सोमवार को गुवाहाटी के एसीए स्टेडियम में खेले गए असम प्रीमियर लीग 2026 के 33वें मुकाबले में नगांव रेंजर्स को 38 रनों से हराकर टूर्नामेंट में अपनी उम्मीदें बरकरार रखीं।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चराईदेव सनराइजर्स की शुरुआत खराब रही और टीम ने पहले ही ओवर में दो विकेट गंवा दिए। इसके बाद ऋषिकेश तामुली ने 47 गेंदों में 54 रन की महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम को संभाला। उन्होंने चार चौके और दो छक्के लगाए। सौम्या कांति पॉल ने 31, रिषभ दीपक ने 27 और तेज खान ने 21 रन बनाए। सनराइजर्स की पूरी टीम 19.5 ओवर में 173 रन पर ऑलआउट हो गई।

नगांव की ओर से सुनील लचित ने तीन, सुमित कश्यप ने तीन और जितु अली ने दो विकेट लिए।

174 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नगांव रेंजर्स ने सुमित कश्यप और अनिल शर्मा के बीच 46 रन की साझेदारी से अच्छी शुरुआत की। कश्यप ने 37 गेंदों में 42 रन बनाए। जितु अली ने 21 और शिवम घोष ने 19 रन का योगदान दिया, जबकि अल्ताफ अहमद 25 रन बनाकर नाबाद रहे।

चराईदेव की ओर से प्रीतिश राहा रॉय ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके और नगांव की पारी को झटका दिया। उन्होंने सुमित कश्यप का महत्वपूर्ण विकेट भी हासिल किया। हिमांशु सारस्वत और रिषभ दीपक ने दो-दो तथा अमलान ज्योति दास ने एक विकेट लिया।

नगांव रेंजर्स की टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर 135 रन ही बना सकी और चराइदेव सनराइजर्स ने मुकाबला 38 रन से जीत लिया।

संक्षिप्त स्कोर:

चराईदेव सनराइजर्स: 173 रन, 19.5 ओवर (ऋषिकेश तामुली 54, सौम्या कांति पॉल 31, रिषभ दीपक 27; सुनील लाचित 3/20, सुमित कश्यप 3/34, जितु अली 2/19)।

नगांव रेंजर्स: 135/9, 20 ओवर (सुमित कश्यप 42, अल्ताफ अहमद नाबाद 25; प्रीतिश राहा रॉय 4/16, रिषभ दीपक 2/13)।

चराईदेव सनराइजर्स ने 38 रन से मुकाबला अपने नाम किया।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश