home page

अंडर-7 शतरंज चैम्पियनशिप में हर्लिव सिंह खुराना ने दिखाया दम

 | 
अंडर-7 शतरंज चैम्पियनशिप में हर्लिव सिंह खुराना ने दिखाया दम


मुरादाबाद, 07 जुलाई (हि.स.)। महाराष्ट्र शतरंज एसोसिएशन की ओर से 30 जून से 5 जुलाई तक नागपुर में आयोजित राष्ट्रीय अंडर-7 ओपन शतरंज चैम्पियनशिप में हर्लिव सिंह खुराना ने बेहतरीन प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया।

जिला शतरंज स्पोर्ट्स एसोसिएशन मुरादाबाद के अध्यक्ष चंद्रकांत सरन ने मंगलवार काे बताया कि राष्ट्रीय अंडर-7 ओपन शतरंज चैम्पियनशिप में देशभर के 267 प्रतिभागियों के बीच हर्लिव ने नौ राउंड में पांच अंक अर्जित किए और प्रतियोगिता में 141 वां स्थान हासिल किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उन्हें प्रतियोगिता में टॉप 100 बोर्ड पर खेलने का अवसर मिला। इसके साथ ही आयोजकों ने उन्हें पदक देकर सम्मानित किया।

जिला शतरंज स्पोर्ट्स एसोसिएशन मुरादाबाद के सचिव प्रमोद बिष्ट, उपाध्यक्ष कवल प्रीत खुराना, उपसचिव वीरेंद्र सिंह मनराल ने हर्लिव को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सीएल गुप्ता वर्ल्ड स्कूल की प्रधानाचार्या सविता सिंह, उप प्रधानाचार्या अदिति खोसला तथा पीटीआई ने भी छात्र की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए शुभकामनाएं दीं।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल