मुरादाबाद : सिविल सर्विसेज प्रतियोगिता में दम दिखाएंगे सरकारी अधिकारी- कर्मचारी
-सोनकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम मुरादाबाद में 13 अगस्त को जिला स्तरीय ट्रायल
-18 व 19 अगस्त को हाेगा मंडल स्तरीय ट्रायल
मुरादाबाद, 06 अगस्त (हि.स.)। खेल निदेशालय की ओर से सरकारी कर्मचारियों के लिए आयोजित होने वाली अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज प्रतियोगिताओं के लिए जिला व मंडल स्तरीय ट्रायल की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नेता जी सुभाषचंद्र बोस सोनकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम मुरादाबाद में 13 अगस्त को जिला स्तरीय और 18 व 19 अगस्त को मंडल स्तरीय ट्रायल आयोजित किए जाएंगे।
क्रीड़ाधिकारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि ट्रायल में केवल सरकारी कर्मचारी ही प्रतिभाग कर सकेंगे और इसके लिए संबंधित विभाग से अनुमति प्रमाणपत्र अनिवार्य होगा। आयोजन के माध्यम से विभिन्न खेलों में सरकारी कर्मचारियों की भागीदारी को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आगे बताया कि जिला व मंडल स्तर पर चयनित खिलाड़ी 24 व 25 अगस्त को आयोजित प्रदेश स्तरीय ट्रायल में भाग लेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि परिषद, बोर्ड, नगर निगम, नगर पंचायत, पुलिस विभाग, अध्यापक और सहायक अध्यापक इस ट्रायल में प्रतिभाग नहीं कर सकेंगे। ट्रायल में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को अपना आईडी नंबर, जन्मतिथि, सेवारत विभाग, सेवा में आने की तिथि, वर्तमान तैनाती और सेवा के प्रकार का पूरा विवरण प्रस्तुत करना होगा।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

