home page

जनपद स्तरीय स्कूल बैंड प्रतियोगिता में जीजी हिंदू इंटर कॉलेज मुरादाबाद बना विजेता

 | 
जनपद स्तरीय स्कूल बैंड प्रतियोगिता में जीजी हिंदू इंटर कॉलेज मुरादाबाद बना विजेता


मुरादाबाद, 10 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद में माध्यमिक विद्यालयों की जनपद स्तरीय स्कूल बैंड प्रतियोगिता का आयोजन जिला विद्यालय निरीक्षक/ जिला परियोजना अधिकारी मुरादाबाद रितु तोमर के निर्देश पर गुरुवार को जीजी हिंदू इंटर कॉलेज मुरादाबाद में किया गया। प्रतियोगिता में सुंदर व आकर्षक प्रस्तुति देते हुए जीजी हिंदू इंटर कॉलेज मुरादाबाद ने प्रथम स्थान प्राप्त किया l

स्कूल बैंड प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए जीजी हिंदू इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ कुलदीप बरनवाल ने अनुशासन व खेल भावना के साथ प्रतिभाग करने तथा अच्छा प्रदर्शन करने का संदेश दिया। साथ ही कहा कि घोष बैंड का आधार ही अनुशासन है।

प्रतियोगिता में जीजी हिंदू इंटर कॉलेज मुरादाबाद, पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज पाक़बड़ा तथा एसएस इंटर कॉलेज मुरादाबाद की बैंड टीमों ने उत्साह पूर्वक प्रतिभाग किया l प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने मार्च पास्ट के साथ उत्कृष्ट वादन, तालमेल और टीम भावना के साथ बैंड की शानदार प्रस्तुतियां देकर प्रतिभा और अनुशासन का परिचय दिया। निर्णायक के रूप में दिनेश चंद्र शर्मा, वीर सिंह व वंश बहादुर ने बैंड ग्रुप के प्रस्तुतीकरण, वेशभूषा, केश सज्जा, बैंड की सजावट, क्विक मार्च, स्लो मार्च, संगीत, कदमताल, सटीकता, मार्च पास्ट आदि बिंदुओं पर बारीकी से नजर रखते हुए मूल्यांकन किया।

जिला नोडल अधिकारी/ प्रवक्ता जीजी हिंदू इंटर कॉलेज मुरादाबाद बंश बहादुर ने बताया कि राज्य परियोजना निदेशक समग्र शिक्षा (माध्यमिक) लखनऊ तथा जिला विद्यालय निरीक्षक/ जिला परियोजना अधिकारी रितु तोमर के निर्देशानुसार यह जनपद स्तरीय स्कूल बैंड की प्रतियोगिता 2026 आयोजित की गई है। इस अवसर पर उप प्रधानाचार्य वीरेश कुमार गौतम, डॉ सुनीत गिरी, लोकेश कुमार, निखिल चौधरी, पवन त्रिवेदी, जेबा इदरीस, तेजस्विनी भटनागर, सूरजभान सिंह तथा वीरेंद्र सिंह आदि शिक्षक शिक्षिकाओं का विशेष सहयोग रहा ।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल