एजी यूपी ने एजी हरियाणा को हराकर फाइनल में बनाई जगह
--एजी पंजाब से 06 फरवरी को होगा फाइनल मुकाबला
प्रयागराज, 04 फरवरी (हि.स)। भारतीय लेखा एवं लेखा परीक्षा विभाग द्वारा आयोजित उत्तर क्षेत्रीय पुरुष हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन एजी पंजाब के तत्वावधान में 2 से 6 फरवरी तक सेक्टर-42 हॉकी स्टेडियम, चंडीगढ़ में किया जा रहा है। आज बुधवार को खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में एजी उत्तर प्रदेश की टीम ने रोमांचक संघर्ष में एजी हरियाणा को 3-2 गोल से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।
मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। मैच के 10वें मिनट में एजी यूपी के नबीन ने पेनाल्टी कॉर्नर पर शानदार ड्रैग फ्लिक के माध्यम से गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद 19वें मिनट में हरियाणा की टीम ने गोल कर मैच को बराबरी पर ला दिया।
एजी यूपी की ओर से इमरान खान सीनियर ने बेहतरीन फील्ड गोल कर टीम को पुनः बढ़त दिलाई। मैच के 35वें मिनट में हरियाणा ने एक और गोल कर स्कोर फिर से बराबर कर दिया। मैच के अंतिम पलों में निर्णायक मोड़ तब आया जब नबीन ने एक बार फिर पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल दागते हुए एजी यूपी के लिए विजयी गोल किया और टीम को फाइनल में पहुंचा दिया।
यह जानकारी एजीयूपी के राजेश कुमार तिवारी ने देते हुए बताया कि इस मुकाबले में संगम सिंह, इमरान जूनियर तथा गोलकीपर अंकित मलिक का प्रदर्शन विशेष रूप से सराहनीय रहा। पूरी टीम ने एकजुट होकर उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबला 6 फरवरी को दोपहर 2 बजे एजी पंजाब की टीम के साथ खेला जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

