home page

आईपीएल 2026 से पहले दिल्ली कैपिटल्स को झटका, बेन डकेट ने नाम लिया वापस

 | 
आईपीएल 2026 से पहले दिल्ली कैपिटल्स को झटका, बेन डकेट ने नाम लिया वापस


नई दिल्ली, 24 मार्च (हि.स.)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 शुरू होने से ठीक पहले दिल्ली कैपिटल्स को बड़ा झटका लगा है। इंग्लैंड के ओपनर बेन डकेट ने इस सीजन से नाम वापस ले लिया है।

टीम सूत्रों के अनुसार डकेट ने फ्रेंचाइजी को पहले ही सूचित कर दिया है कि वह इस बार उपलब्ध नहीं रहेंगे। इसके बाद टीम प्रबंधन ने उनके विकल्प की तलाश शुरू कर दी है, जिसकी घोषणा जल्द की जा सकती है।

डकेट को आईपीएल नीलामी में 02 करोड़ रुपये में खरीदा गया था और वह केएल राहुल के साथ पारी की शुरुआत करने वाले थे। हालांकि, उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर पर ध्यान केंद्रित करने के लिए यह फैसला लिया है।

हाल ही में खेले गए एशेज सीरीज में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। उन्होंने 221 रन बनाए और उनका औसत करीब 20 रहा। इसके अलावा, वह टी20 वर्ल्ड कप 2026 टीम का हिस्सा तो थे, लेकिन उन्हें कोई मैच खेलने का मौका नहीं मिला।

डकेट ने इस फैसले को कठिन बताते हुए कहा कि वह दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलने को लेकर उत्साहित थे। उन्होंने इसे दुनिया की सबसे बेहतरीन लीग बताया और भविष्य में खेलने की उम्मीद भी जताई, हालांकि उन्होंने यह भी माना कि उम्र के इस पड़ाव पर वापसी आसान नहीं होगी।

दिल्ली कैपिटल्स अपना पहला मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 1 अप्रैल को खेलेगी। यह मैच एकाना क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होगा।

डकेट के बाहर होने से टीम के संतुलन पर असर पड़ सकता है, लेकिन अब नजर इस बात पर है कि दिल्ली कैपिटल्स उनकी जगह किस खिलाड़ी को टीम में शामिल करती है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय