home page

महिला क्रिकेट लीग : डीएसए वॉरियर्स ने डीएसए चार्जर्स को 64 रन से दी शिकस्त

 | 
महिला क्रिकेट लीग : डीएसए वॉरियर्स ने डीएसए चार्जर्स को 64 रन से दी शिकस्त


मुरादाबाद, 21 नवम्बर (हि.स.)। आईएफटीएम यूनिवर्सिटी मुरादाबाद के मैदान पर खेली जा रही महिला क्रिकेट लीग में शनिवार को डीएसए वॉरियर्स ने डीएसए चार्जर्स को 64 रन से पराजित कर दिया। मुकाबले में गोल्डी सिंह ने शतकीय पारी खेलकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।

डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स एसोसिएशन मुरादाबाद के सचिव व पूर्व रणजी खिलाडी विजय गुप्ता ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए डीएसए वॉरियर्स ने निर्धारित 30 ओवर में तीन विकेट पर 203 रन बनाए। गोल्डी सिंह ने 100 गेंदों पर 15 चौकों की मदद से नाबाद 140 रन की शानदार पारी खेली।

उन्होंने पारी के दौरान मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए। अंशिका पांडे ने 23 और यशस्वी ने 20 रन का योगदान दिया। कवी चौधरी छह रन बनाकर आउट हुईं। चार्जर्स की ओर से इशिका ने दो और प्रतीक्षा ने एक विकेट लिया। वहीं जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीएसए चार्जर्स की टीम 27.5 ओवर में 139 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से गुंजन ने 52 गेंदों पर चार चौकों की मदद से नाबाद 51 रन बनाए। इशिका ने 33 और कृतिका ने 12 रन बनाए।

वॉरियर्स की ओर से अंशिका ने छह ओवर में 19 रन देकर तीन विकेट झटके। प्रियांशी आर्य ने 4.5 ओवर में 16 रन देकर तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। रिजवाह सुल्तान और उदीशा सिंह को एक-एक विकेट मिला। गोल्डी सिंह की 140 रन की बड़ी पारी और गेंदबाजों के सधे प्रदर्शन से वॉरियर्स ने मुकाबला अपने नाम कर किया। इस अवसर पर नितिन गुप्ता, वैभव त्रिवेदी, केपी सिंह, मिर्जा दानिश आलम, नजाकत अली, महमूद अली, जेपी सिंह, बदरुद्दीन सिद्दीकी आदि मौजूद रहे।

-----

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल