home page

वर्षा बाधित मैच में वेस्ट दिल्ली लायंस की धमाकेदार जीत, ईस्ट दिल्ली राइडर्स को 8 विकेट से हराया

 | 
वर्षा बाधित मैच में वेस्ट दिल्ली लायंस की धमाकेदार जीत, ईस्ट दिल्ली राइडर्स को 8 विकेट से हराया


नई दिल्ली, 10 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 में वेस्ट दिल्ली लायंस ने बारिश से प्रभावित मुकाबले में ईस्ट दिल्ली राइडर्स को आठ विकेट से शिकस्त दी। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मैच में बारिश के कारण मुकाबला छोटा कर दिया गया। राइडर्स के 15 ओवर में 95/5 के स्कोर के बाद खेल रुक गया और वेस्ट दिल्ली लायंस को संशोधित लक्ष्य के तौर पर सात ओवर में 58 रन बनाने थे। टीम ने महज 4.1 ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी ईस्ट दिल्ली राइडर्स की शुरुआत बेहद खराब रही। ध्रुव कौशिक पारी की पहली ही गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद अर्पित राणा और सुजल सिंह ने पारी को संभालते हुए 53 रन की साझेदारी की।

राणा ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 20 गेंदों पर 32 रन बनाए। उनके आउट होते ही राइडर्स की पारी फिर लड़खड़ा गई और टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए। सुजल सिंह ने भी 22 गेंदों में 34 रन का योगदान दिया। बारिश आने तक ईस्ट दिल्ली राइडर्स का स्कोर 15 ओवर में पांच विकेट पर 95 रन था।

वेस्ट दिल्ली लायंस की ओर से मयंक गुसाईं ने तीन ओवर में 16 रन देकर दो विकेट झटके। शुभम दुबे ने भी तीन ओवर में 17 रन देकर दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।

संशोधित लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्ट दिल्ली लायंस को शुरुआती झटका लगा और अंकित कुमार तीन गेंदों पर चार रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि, इसके बाद कृष यादव और जितेश सिंह ने पारी को पूरी तरह नियंत्रण में ले लिया।

कृष यादव ने राइडर्स के गेंदबाजों पर जोरदार हमला बोलते हुए सिर्फ 14 गेंदों में नाबाद 34 रन ठोक दिए। उनकी तेजतर्रार पारी ने लक्ष्य को बेहद आसान बना दिया और लायंस ने 4.1 ओवर में ही दो विकेट के नुकसान पर 58 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय