home page

डेनिश दास के शानदार प्रदर्शन से बरपेटा ब्रेव्स की लगातार दूसरी जीत

 | 
डेनिश दास के शानदार प्रदर्शन से बरपेटा ब्रेव्स की लगातार दूसरी जीत


गुवाहाटी, 08 अगस्त (हि.स.)। कप्तान डेनिश दास की 45 गेंदों पर नाबाद 72 रनों की शानदार पारी की बदौलत बरपेटा ब्रेव्स ने इम्पीरियल ब्लू पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर असम प्रीमियर लीग में नगांव रेंजर्स को 70 रनों से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की।

टूर्नामेंट की शुरुआत में लगातार दो मुकाबले गंवाने वाली बरपेटा ब्रेव्स ने शानदार वापसी की है। टीम की जीत में बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजों ने भी अहम भूमिका निभाई। बिकिरण दास ने 4/13 और शुभम कुमार गुप्ता ने 3/8 के शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन के साथ नगांव रेंजर्स को महज 100 रन पर समेट दिया।

जीत के बाद डेनिश दास ने अपनी टीम के सामूहिक प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि शुरुआती दौर में मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद खिलाड़ियों ने सकारात्मक रवैया बनाए रखा और पहली जीत के बाद टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है।

अपनी पारी के बारे में दास ने कहा कि उन्होंने स्थिति को लेकर ज्यादा सोचने के बजाय अपने स्वाभाविक खेल और आत्मविश्वास पर भरोसा किया। उन्होंने कहा कि सही समय पर सब कुछ उनके पक्ष में रहा।

दास ने असम प्रीमियर लीग को राज्य के खिलाड़ियों के लिए बड़ा मंच बताया। उन्होंने कहा कि मैचों में स्काउट्स की मौजूदगी और टेलीविजन पर प्रसारण से खिलाड़ियों को अपने करियर को आगे बढ़ाने का बेहतर अवसर मिल रहा है।

टूर्नामेंट के बाद दलीप ट्रॉफी में खेलने की तैयारी कर रहे दास ने कहा कि वह भविष्य को लेकर अतिरिक्त दबाव नहीं ले रहे हैं और उनका ध्यान पूरे टूर्नामेंट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने पर है।

डेनिश दास अब तक टूर्नामेंट में 126 रन बना चुके हैं और उनका स्ट्राइक रेट 144 से अधिक है। वह बल्लेबाजी चार्ट में चौथे स्थान पर हैं। वहीं, बरपेटा ब्रेव्स चार मैचों में चार अंक के साथ अंक तालिका में तीसरे स्थान पर है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश