home page

राष्ट्रमंडल खेल 2026: भारतीय महिला मुक्केबाजों का स्वर्णिम पंच, प्रिया और अरुंधति ने जीते गोल्ड

 | 
राष्ट्रमंडल खेल 2026: भारतीय महिला मुक्केबाजों का स्वर्णिम पंच, प्रिया और अरुंधति ने जीते गोल्ड


राष्ट्रमंडल खेल 2026: भारतीय महिला मुक्केबाजों का स्वर्णिम पंच, प्रिया और अरुंधति ने जीते गोल्ड


- एक दिन में भारत के पांच स्वर्ण

- प्रिया, अरुंधति, साक्षी, जैस्मीन और प्रीति ने दिलाए पांच स्वर्ण

ग्लासगो, 01 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारतीय महिला मुक्केबाजों ने शनिवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। प्रिया घनघस और अरुंधति चौधरी ने अपने-अपने वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर भारत की झोली में दो और गोल्ड डाले। इससे पहले साक्षी, जैस्मीन और प्रीति ने भी स्वर्ण पदक जीता है। इस तरह भारत ने एक ही दिन में महिला मुक्केबाजी में पांच स्वर्ण पदक हासिल कर अपनी ताकत का शानदार प्रदर्शन किया।

प्रिया ने रोमांचक मुकाबले में जीता स्वर्ण

महिला 60 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में प्रिया ने कनाडा की मैरी-बाथूल अल-अहमदियेह को 4-1 के स्प्लिट फैसले से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। शुरुआती दौर में कुछ जजों के स्कोरकार्ड पर पिछड़ने के बावजूद प्रिया ने शानदार वापसी करते हुए सटीक पंच, बेहतरीन काउंटर अटैक और प्रभावी रिंग मूवमेंट के दम पर मुकाबले का रुख बदल दिया।

जजों के स्कोरकार्ड में तीन ने प्रिया के पक्ष में 29-28, 29-28 और 30-27 का फैसला दिया, जबकि एक जज ने 29-28 से कनाडाई मुक्केबाज को विजेता माना। अंततः 4-1 के स्प्लिट निर्णय के साथ स्वर्ण भारत की झोली में आया।

पूरे मुकाबले में प्रिया ने दबाव के बीच संयम बनाए रखा और निर्णायक क्षणों में शानदार प्रदर्शन कर जजों को प्रभावित किया। टूर्नामेंट के दौरान उनकी निरंतरता और रणनीतिक खेल ने उन्हें स्वर्ण पदक तक पहुंचाया।

अरुंधति का एकतरफा दबदबा, इंग्लैंड की मुक्केबाज को हराया

महिला 70 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में अरुंधति चौधरी ने इंग्लैंड की शांटेल रीड को 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से हराकर स्वर्ण पदक जीता।

अरुंधति ने मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक तेवर अपनाए और तेज काउंटर पंच, सटीक कॉम्बिनेशन तथा मजबूत रक्षा के दम पर प्रतिद्वंद्वी को पूरे मुकाबले में हावी नहीं होने दिया। पांचों जजों ने उन्हें विजेता घोषित किया। चार जजों ने मुकाबला 30-27 जबकि एक जज ने 29-28 से अरुंधति के पक्ष में अंक दिए।

टूर्नामेंट में लगातार शानदार प्रदर्शन करने वाली अरुंधति ने फाइनल में भी वही लय बरकरार रखी और स्वर्ण पदक जीतकर भारत की मुक्केबाजी सफलता में एक और अध्याय जोड़ दिया।

भारत का स्वर्णिम दिन

शनिवार को भारतीय महिला मुक्केबाजों ने राष्ट्रमंडल खेलों में अभूतपूर्व प्रदर्शन किया। इससे पहले साक्षी (51 किग्रा) ने इंग्लैंड की रूबी व्हाइट को 5-0, जैस्मीन (57 किग्रा) ने उत्तरी आयरलैंड की माइकेला वॉल्श को 5-0 और प्रीति (54 किग्रा) ने कनाडा की एस.एस. डेलगाडो को 5-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीते थे।

प्रिया और अरुंधति की जीत के साथ भारत ने महिला मुक्केबाजी में पांच स्वर्ण पदक हासिल कर ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में अपना दबदबा स्थापित कर दिया। यह प्रदर्शन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय महिला मुक्केबाजी की लगातार बढ़ती ताकत और गहराई का प्रमाण है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय