home page

सीएसएस की सुपर ओवर में जीत, एनआईजीसी सात रन से विजयी

 | 
सीएसएस की सुपर ओवर में जीत, एनआईजीसी सात रन से विजयी


मुरादाबाद, 15 अप्रैल (हि.स.)। नेक्स्ट जेनरेशन क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड पर आयोजित नेक्स्ट जनरेशन जूनियर हाइट एंड वेट 99 प्वाइंट क्रिकेट टूर्नामेंट में बुधवार को खेले गए दोनों मुकाबले रोमांच से भरपूर रहे। पहले मैच में सीएसएस क्रिकेट एकेडमी ने सुपर ओवर में बाजी मारी, वहीं दूसरे मुकाबले में एनआईजीसी क्रिकेट एकेडमी ने संघर्षपूर्ण जीत हासिल की।

पहले मुकाबले में पारकर क्रिकेट एकेडमी ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 25 ओवर में पांच विकेट पर 172 रन बनाए। टीम के लिए काव्यांश सिसोदिया ने शानदार 81 रन की पारी खेली, जबकि गुलजार वाहिद 24, क्रिश नाबाद 23 और निकिता दास ने 13 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीएसएस क्रिकेट एकेडमी ने शानदार खेल दिखाया, लेकिन 21.2 ओवर में 172 रन बनाकर ऑल आउट हो गई और मुकाबला बराबरी पर रह गया। जिसके बाद सुपर ओवर में सीएसएस ने 16 रन बनाए, जबकि पारकर की टीम सात रन ही बना सकी। इस तरह सीएसएस क्रिकेट एकेडमी ने यह मैच नौ रन से अपने नाम कर लिया। वहीं हसन शेख को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

दूसरे मुकाबले में एनआईजीसी क्रिकेट एकेडमी ने टॉस जीतकर पहले पहले बल्लेबाजी करते हुए 25 ओवर में नौ विकेट पर 142 रन बनाए। जिसमें अबू तल्हा ने 64 रन की बेहतरीन पारी खेली, वहीं अदित सिंह 11 और वेदांश चौधरी ने 10 रन का सहयोग दिया। जवाब में नेहरा क्रिकेट एकेडमी 24.5 ओवर में 135 रन पर सिमट गई। अंपायर की भूमिका राजा और सुधीर कुमार ने निभाई, जबकि स्कोरर यश रहे।

इस दौरान टूर्नामेंट आयोजक व कोच बदरुद्दीन सिद्दीकी, मो. शाहिद, सोनू मलिक, अमान सिद्दीकी, संजय सिंह, अहमर उद्दीन और हिमांशु शर्मा आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल