home page

अफगानिस्तान के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए जिम्बाब्वे टीम घोषित

 | 
अफगानिस्तान के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए जिम्बाब्वे टीम घोषित


नई दिल्ली, 04 नवंबर (हि.स.)। जिम्बाब्वे ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएआई) में अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए अपनी 17 सदस्यीय टीम की घोषणा की है। नियमित कप्तान रिचर्ड नगारवा के चोटिल होने के कारण उनकी अनुपस्थिति में ब्रायन बेनेट टीम की कप्तानी संभालेंगे।

जिम्बाब्वे क्रिकेट के अनुसार रिचर्ड अभी भी पीठ की चोट से उबर रहे हैं और टीम से बाहर हैं। तेज गेंदबाज तनाका चिवंगा भी चोट के कारण इस सीरीज से बाहर हो गए हैं। इस टीम में ज्यादातर वही खिलाड़ी शामिल हैं जो उस टीम का हिस्सा थे, जिसने जून में हरारे स्पोर्ट्स क्लब में बांग्लादेश को एक पारी और 85 रनों से हराकर जिम्बाब्वे की अब तक की सबसे बड़ी टेस्ट जीत दर्ज की थी।

बल्लेबाजी विभाग में अनुभवी ब्रेंडन टेलर और क्रेग इरविन के साथ इनोसेंट काइया, बेन करन, तादिवानाशे मरुमानी और वेस्ली मधेवेरे जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। अनुभवी लेग-स्पिनर ग्रीम क्रेमर भी टेस्ट टीम से जुड़ गए हैं।

कुंडई मातिगिमु और विंसेंट मासेकेसा की टेस्ट टीम में वापसी हुई है। इसके अलावा ऑलराउंडर एंटम नकवी को भी टीम में शामिल किया गया है। उन्होंने अब जिम्बाब्वे की ओर से खेलने के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के पात्रता संबंधी मानदंड पूरे कर लिए हैं।

तेज गेंदबाजी विभाग में ब्लेसिंग मुजरबानी प्रमुख गेंदबाज होंगे। उनके साथ ब्रैड इवांस, न्यूमैन न्यामहुरी, कुंडई मातिगिमु और पहली बार टीम में शामिल किए गए अर्नेस्ट मासुकु को मौका दिया गया है। स्पिन विभाग की जिम्मेदारी ग्रीम क्रेमर, विंसेंट मासेकेसा और वेलिंगटन मसाकाद्जा संभालेंगे।

अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए जिम्बाब्वे की टीमब्रायन बेनेट (कप्तान), एंटम नकवी, बेन करन, ब्लेसिंग मुजरबानी, ब्रैड इवांस, ब्रेंडन टेलर, क्रेग इरविन, ग्रीम क्रेमर, इनोसेंट काइया, अर्नेस्ट मासुकु, कुंडई मातिगीमु, न्यूमैन न्यामहुरी, तदिवनाशे मारुमानी, तफादजवा सिगा, विंसेंट मासेकेसा, वेलिंगटन मसाकाद्जा, वेस्ली मधेवेरे।

दो मैचों की यह सीरीज 5 नवंबर से शुरू होगी और दूसरा टेस्ट 13 नवंबर से खेला जाएगा। दोनों मैच शारजाह के शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में होंगे।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह