home page

क्राइस्टचर्च टेस्ट से बाहर हुए आकाश दीप, 'कन्कशन सब्स्टिट्यूट' के रूप में प्रसिद्ध कृष्णा की एंट्री

 | 
क्राइस्टचर्च टेस्ट से बाहर हुए आकाश दीप, 'कन्कशन सब्स्टिट्यूट' के रूप में प्रसिद्ध कृष्णा की एंट्री


क्राइस्टचर्च, 29 नवंबर (हि.स.)। न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट की पहली पारी में पांच विकेट लेने वाले भारतीय तेज गेंदबाज आकाश दीप तीसरे दिन के पहले सेशन में हेलमेट पर दो बार गेंद लगने के कारण बचे मैच से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह प्रसिद्ध कृष्णा को 'कन्कशन सब्स्टिट्यूट' के तौर पर बाकी मैच के लिए प्लेइंग-११ में शामिल किया गया है।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सोशल मीडिया 'एक्स' पर बताया कि क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन बल्लेबाजी करते समय आकाश दीप के हेलमेट पर गेंद लग गई। उनकी जगह प्रसिद्ध कृष्णा को 'कन्कशन सब्स्टिट्यूट' के तौर पर शामिल किया गया है। मेडिकल टीम आकाश की निगरानी कर रही है।

भारतीय टीम की पहली पारी के 53वें ओवर में न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज काइल जैमीसन की गेंदबाजी के दौरान आकाश दीप के हेलमेट पर दो बार गेंद लगी थी। फिजियो ने मैदान पर उनकी जांच की और हेलमेट भी बदला। हालांकि, आकाश ने बल्लेबाजी जारी रखी और 29 रन बनाकर आउट हुए। बाद में कन्कशन के कारण वे गेंदबाजी के लिए मैदान पर नहीं उतर सके। उनकी जगह प्रसिद्ध कृष्णा कन्कशन सब्स्टीट्यूट के तौर पर उतरे।

आकाश का बाहर होना भारत के लिए एक बड़ा झटका है, क्योंकि पहली पारी में उन्होंने 5 विकेट लिए थे और वे टीम के सबसे बेहतरीन गेंदबाज साबित हुए थे।

फिलहाल मुकाबले की बात करें, तो भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन का खेल समाप्त हो गया है। दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड ने अपनी दूसरी पारी में तीन विकेट के नुकसान पर 133 रन बना लिए हैं। रचिन रवींद्र 46 रन और डेरिल मिचेल पांच रन बनाकर नाबाद हैं। मुकाबले की अपनी पहली पारी में न्यूजीलैंड की टीम ने 356 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय टीम की पहली पारी 246 रन पर सिमट गई। इससे न्यूजीलैंड को पहली पारी के आधार पर 110 रन की बढ़त मिली थी। अब तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक मेजबान टीम ने अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है और उसकी कुल बढ़त अब 243 रन की हो गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह