home page

दक्षिण अफ्रीका ने न्यूजीलैंड को चौथे टी-20 में दी मात, सीरीज 2-2 से बराबर

 | 
दक्षिण अफ्रीका ने न्यूजीलैंड को चौथे टी-20 में दी मात, सीरीज 2-2 से बराबर


वेलिंगटन (न्यूजीलैंड), 22 मार्च (हि.स.)। दक्षिण अफ्रीका की पुरुष टीम ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में वापसी करते हुए रविवार को चौथे टी20 मुकाबले में न्यूजीलैंड को 19 रनों से हरा दिया और सीरीज में 2-2 की बराबरी कर ली है। सीरीज का आखिरी टी20 मुकाबला 25 मार्च को खेला जाएगा।

दक्षिण अफ्रीका ने वेलिंगटन में खेले गए मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 164 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 18.5 ओवर में 145 रनों पर सिमट गई।

न्यूजीलैंड ने 165 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अच्छी शुरुआत की और पावरप्ले में 50 से ज्यादा रन बनाए। हालांकि इस दौरान उसके दो विकेट भी गिरे। कैटेन क्लार्क 9 रन और टिम रॉबिन्सन 32 रन बनाकर आउट हुए। न्यूजीलैंड का तीसरा विकेट नौवें ओवर में डेन क्लीवर के रूप में गिरा। उन्होंने 26 रन बनाए। इसके बाद बेवोन जैकब्स 3 रन और कप्तान जेम्स नीशम 6 रन बनाकर सस्ते में आउट हुए।

14वें ओवर में निक केली 19 रन और कोल मैककॉन्ची 10 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अंत में जैकरी फॉल्क्स 7, जोश क्लार्कसन 10 रन और काइल जैमीसन 13 रन बनाकर आउट हुए और पूरी टीम 18.5 ओवर में 145 रन पर सिमट गई। दक्षिण अफ्रीका ने 19 रन से मैच जीत लिया।

दक्षिण अफ्रीका के लिए गेराल्ड कोएट्जी ने 3, ओटनील बार्टमैन, प्रेनेलन सुब्रायन और केशव महाराज ने 2-2 तथा वियान मुल्डर ने एक विकेट लिया।

इससे पहले दक्षिण अफ्रीका ने पांच विकेट पर 164 रन बनाए थे। टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज कॉनर एस्टरहुइजन ने सर्वाधिक 57 रनों की पारी खेली। जिसमें उन्होंने तीन छक्के और सात चौके लगाए। इसके अलावा टोनी डी जॉर्जी ने 23, रुबिन हर्मनन ने नाबाद 28 रन, डियान फोरेस्टर ने 19 और जेसन स्मिथ ने 19 रन बनाए और जॉर्ज लिंडे ने नाबाद 14 रन का योगदान दिया।

न्यूजीलैंड के लिए काइल जैमिसन ने 2, जैकरी फॉल्क्स, बेन सियर्स और कोले मैककॉन्ची ने 1-1 विकेट लिए।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह