home page

रणजी ट्रॉफी में हरियाणा के खिलाफ भी नहीं खेल पाएंगे ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर

 | 
रणजी ट्रॉफी में हरियाणा के खिलाफ भी नहीं खेल पाएंगे ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर


मुंबई, 25 अक्टूबर (हि.स.)। ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर चोट के कारण हरियाणा के खिलाफ मुंबई के तीसरे दौर के रणजी ट्रॉफी मुकाबले में भी नहीं खेल पाएंगे। मुंबई और हरियाणा के बीच यह मुकाबला सोमवार से मुंबई के बीकेसी कॉम्प्लेक्स में खेला जाएगा। चोट के चलते ठाकुर पहले दो दौर के मुकाबलों से भी बाहर रहे थे।

क्रिकइन्फो के अनुसार मुंबई की टीम में इस मुकाबले के लिए कोई बदलाव नहीं किया गया है। टीम ने पिछले दौर में बिलासपुर में हिमाचल प्रदेश को बोनस अंक के साथ हराया था। उसी टीम को हरियाणा के खिलाफ भी बरकरार रखा गया है।

ठाकुर को रणजी ट्रॉफी के पहले दौर का मुकाबला शुरू होने से पहले अभ्यास के दौरान दाएं हाथ की मध्यमा उंगली में चोट लगी थी। जांच में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उन्हें कम से कम पहले दो दौर के मुकाबलों से बाहर रहना था।

मुंबई की टीम को उम्मीद थी कि ठाकुर तीसरे मुकाबले तक फिट हो जाएंगे, लेकिन वह अभी मैच खेलने के लिए पूरी तरह तैयार नहीं हैं। हालांकि, वह मुंबई की टीम के साथ अभ्यास कर रहे हैं। शनिवार शाम को वह सूर्यकुमार यादव के साथ मुंबई में मेजर लीग बेसबॉल के एक कार्यक्रम में भी मौजूद थे।

मुंबई को आगे भी उपलब्ध खिलाड़ियों को संयोजन के साथ मैदान पर उतरना होगा। टीम के नए उपकप्तान आयुष म्हात्रे हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण बाहर हैं, जबकि यशस्वी जायसवाल न्यूजीलैंड में मौजूद हैं, जहां वह मौजूदा 'ए' सीरीज के बाद टेस्ट मैचों में खेलेंगे।

दूसरे दौर के मुकाबले से पहले सलामी बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी और ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे को टीम में अतिरिक्त खिलाड़ियों के तौर पर शामिल किया गया था। मुंबई की टीम फिलहाल एलीट ग्रुप डी में 14 अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह