धर्मशाला में भारत और अफगानिस्तान के बीच शनिवार को एकदिवसीय अंतराष्ट्रीय मुकाबला
धर्मशाला, 12 जून (हि.स.)।
विश्व के सबसे खूबसूरत क्रिकेट स्टेडियम में से एक एचपीसीए क्रिकेट स्टेडियम में शनिवार को भारत और अफ़गानिस्तान के बीच भिड़ंत होगी। दोनों टीमों के बीच तीन एकदिवसीय मैचों की सीरीज का पहला मैच धर्मशाला के लश ग्रीन मैदान में खेला जाएगा। वनडे में टीम इंडिया के आगे भले ही अफगानिस्तान का रिकॉर्ड कोई खास नहीं रहा है लेकिन फिर भी इस मैच के रोमांचक होने की उम्मीद की जा रही है। डे नाईट पहले वनडे इंटरनेशनल मैच को लेकर न सिर्फ क्रिकेट प्रेमियों बल्कि खिलाड़ियों में भी खासा उत्साह है। धर्मशाला में देश भर सहित अफगानिस्तान से भी प्रशंसक दुनिया के बड़े क्रिकेट खिलाड़ियों को मैदान पर खेलते देखने के लिए पंहुच रहे हैं।
पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा, कप्तान शुभमन गिल और कई अन्य भारतीय स्टार खिलाड़ी पहले ही धर्मशाला पंहुच चुके हैं, जिससे क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह और बढ़ गया है। इस नज़ारे में कुदरत का अपना शानदार मंच भी चार चांद लगा रहा है।
उधर पिछले कुछ दिनों में धौलाधार पर्वतमाला पर हुई ताज़ा बर्फबारी ने पहाड़ों के बैकग्राउंड को एक बेहद खूबसूरत नज़ारे में बदल दिया है। हरे-भरे मैदान के ऊपर बर्फ से ढकी चोटियों ने एक बार फिर दुनिया को याद दिलाया है कि धर्मशाला को दुनिया का सबसे खूबसूरत क्रिकेट वेन्यू क्यों माना जाता है। पहाड़ों की साफ़ हवा, सुहावने मौसम और हिमालय के बेमिसाल नज़ारों के साथ, कल का वनडे मैच सिर्फ़ एक क्रिकेट मैच से कहीं ज़्यादा यह खेल, संस्कृति, आध्यात्मिकता और प्रकृति का जश्न होगा।
इस मौके पर बोलते हुए एचपीसीए के सचिव मनुज शर्मा ने कहा कि इंद्रुनाग देवता के आशीर्वाद से मैच की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और एसोसिएशन एक और यादगार इंटरनेशनल मैच की मेज़बानी करने के लिए उत्साहित है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम ग्लोबल स्तर पर हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े एंबेसडर में से एक बन गया है। उन्होंने कहा कि एक साधारण शुरुआत से लेकर दुनिया के सबसे पसंदीदा क्रिकेट वेन्यू में से एक बनने तक, धर्मशाला ने दुनिया भर के लाखों लोगों के सामने हिमाचल प्रदेश की सुंदरता, संस्कृति और मेहमाननवाज़ी को पेश किया है। इंटरनेशनल मैचों ने रोज़गार पैदा किया है, टूरिज़्म को मज़बूत किया है और राज्य के लोगों के लिए बहुत गर्व की बात रही है।
उन्होंने कहा कि एचपीसीए ने लगातार वर्ल्ड-क्लास इवेंट्स आयोजित किए हैं और कल का वनडे इस शानदार सफ़र का एक और यादगार अध्याय होगा। यह गर्व की बात है जब बर्फ से ढकी धौलाधार की चोटियों पर सूरज उगता है और हज़ारों प्रशंसक स्टेडियम की ओर बढ़ते हैं, तो धर्मशाला एक बार फिर क्रिकेट का शानदार नज़ारा पेश करने के लिए तैयार हो जाता है।
भारत का पलड़ा भारी, 4 में से 3 में मिली है जीत
वहीं भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले गए एकदिवसीय मैचों की बात करें तो अब तक इन दोनों टीमों के बीच चार एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेले गए हैं जिनमें भारत ने तीन में जीत हासिल की है जबकि एक मैच टाई रहा है। ऐसे में अफगानिस्तान अभी तक भारत के साथ हुए एकदिवसीय मुकाबलों में एक भी जीत दर्ज नहीं कर पाया है।
धर्मशाला में टीम इंडिया का दबदबा
धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में भारतीय टीम ने अब तक कुल 5 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। इन मैचों में भारतीय टीम को 3 में जीत मिली है और 2 में हार का सामना करना पड़ा है। धर्मशाला में पहला अंतरराष्ट्रीय एकदिवसीय मैच 27 जनवरी 2013 को भारत बनाम इंग्लैंड के बीच खेला गया जिसमें इंग्लैंड ने 7 विकेट से जीत हासिल की थी। वहीं 17 अक्टूबर 2014 को भारत बनाम वेस्टइंडीज मैच में भारत 59 रन से जीता।
इसके बाद 10 दिसंबर 2017 को भारत बनाम श्रीलंका के बीच हुए मुकाबले में श्रीलंका 7 विकेट से जीत हासिल की। 7 अक्टूबर 2023 को भारत बनाम अफगानिस्तान (विश्व कप) का मैच हुआ जिसे भारत ने 6 विकेट से जीता। 22 अक्टूबर 2023 को ही भारत बनाम न्यूजीलैंड (विश्व कप) के मैच में भारत 4 विकेट से जीत दर्ज की। वहीं धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में अब तक कुल 9 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेले गए हैं। धर्मशाला में आखिरी मैच विश्व कप का था जोकि न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच 28 अक्टूबर 2023 को खेला गया था।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

