एमपीएल टी-20: उज्जैन फाल्कन्स की नजर चंबल घड़ियाल्स के खिलाफ जीत पर
इंदौर, 07 जून (हि.स.)। उज्जैन फाल्कन्स की टीम कल यानी सोमवार को मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित होल्कर स्टेडियम में मध्य प्रदेश लीग (एमपीएल) टी-20 सिंधिया कप के अपने तीसरे मैच में चंबल घड़ियाल्स के खिलाफ जीत दर्ज करके टूर्नामेंट में वापसी करने की कोशिश करेगी।
फाल्कन्स ने टूर्नामेंट की शानदार शुरुआत की थी और पहले मैच में ग्वालियर चीतास को 92 रनों से करारी शिकस्त दी। इस जीत में उप-कप्तान माधव तिवारी के ऑलराउंड प्रदर्शन और टीम के कई खिलाड़ियों के अहम योगदान का बड़ा हाथ रहा। हालांकि, पिछले मैच में 206 रनों का मजबूत स्कोर बनाने के बावजूद उज्जैन फाल्कन्स को मालवा स्टैलियंस के हाथों छह विकेट से हार का सामना करना पड़ा।
कप्तान चंचल राठौर ने अब तक टीम की अगुवाई करते हुए शानदार प्रदर्शन किया है। राठौर को उप कप्तान माधव तिवारी का भी भरपूर साथ मिला है। शुरुआती मैचों में बल्ले और गेंद दोनों से उनके (माधव) असरदार प्रदर्शन ने टीम के लिए बहुत सकारात्मक भूमिका निभाई है। इसके अलावा यश दुबे, ओजस्व यादव, आर्यन पांडे और ऋषि मिगलानी सभी ने अलग-अलग मौकों पर अहम योगदान दिया है। फाल्कन्स को उम्मीद होगी कि उनके बल्लेबाज एक बार फिर मिलकर अच्छा प्रदर्शन करेंगे।
मैच से पहले कप्तान चंचल राठौर ने एक बयान में कहा कि टीम ने शुरुआती दो मैचों में कई सकारात्मक संकेत दिखाए हैं। हमने टूर्नामेंट की अच्छी शुरुआत की। भले ही पिछला नतीजा हमारे पक्ष में नहीं रहा, लेकिन कई खिलाड़ियों ने उत्साहजनक प्रदर्शन किया। हमने अपनी गलतियों से सीखा है और अब हमारा ध्यान अपनी योजनाओं को बेहतर ढंग से लागू करने पर है। उन्होंने कहा कि चंबल घड़ियाल एक मजबूत टीम है, लेकिन हमें अपनी काबिलियत पर भरोसा है। हम एक बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं।
उप-कप्तान माधव तिवारी ने कहा कि इस तरह के टूर्नामेंट में हर मैच अहम होता है। टीम का माहौल सकारात्मक है और हर कोई अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित है। हमने अब तक अच्छा क्रिकेट खेला है और हमारा मकसद एक टीम के तौर पर लगातार बेहतर करते रहना है। उम्मीद है कि हम शानदार प्रदर्शन करेंगे और जीत की राह पर लौटेंगे।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

