home page

सीपीएल के फाइनल में पहुंची जमैका किंग्समेन, क्वालीफायर-2 में गुयाना को 5 विकेट से हराया

 | 
सीपीएल के फाइनल में पहुंची जमैका किंग्समेन, क्वालीफायर-2 में गुयाना को 5 विकेट से हराया


ब्रिजटाउन (बारबाडोस), 19 सितंबर (हि.स.)। जमैका किंग्समेन ने कैरेबियन प्रीमियर लीग (सीपीएल) 2026 के फाइनल में जगह बना ली है। शनिवार सुबह (भारतीय समयानुसार) खेले गए क्वालीफायर-2 में जमैका की टीम ने गुयाना अमेजन वॉरियर्स को 5 विकेट से हरा दिया।

केंसिंग्टन ओवल में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में गुयाना अमेजन वॉरियर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 206 रन बनाए। जवाब में किंग्समेन ने 207 रन का लक्ष्य पांच विकेट और दो गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। जमैका की जीत की सबसे बड़ी खासियत उसकी सामूहिक बल्लेबाजी रही। उसके शीर्ष पांच बल्लेबाजों ने अहम योगदान दिया और मिलकर टीम को बड़े लक्ष्य तक पहुंचाया।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुयाना की टीम को शुरुआत में झटके लगे। सलामी बल्लेबाज मोहम्मद हारिस और मावेंद्र दिनदयाल क्रमश: 9-9 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद शिमरोन हेटमायर बल्लेबाजी के लिए आए। पिछले कुछ मुकाबलों में उनके बल्ले से रन नहीं निकले थे, लेकिन इस मुकाबले में उन्होंने शानदार वापसी की। उन्होंने कप्तान शाई होप के साथ मिलकर पारी को तेजी से आगे बढ़ाया और 12 ओवर तक टीम के स्कोर को 100 के पार ले गए।

शाई होप 33 गेंदों में 40 रन बनाकर 13वें ओवर में आउट हुए, लेकिन इसके बाद क्वेंटिन सैम्पसन ने आते ही आक्रामक बल्लेबाजी शुरू कर दी। दूसरी तरफ हेटमायर लगातार तेजी से रन बनाते रहे। सैम्पसन ने 17 गेंदों में तेजी से 29 रन बटोरे। पारी के 20वें ओवर में हेटमायर ने लगातार बड़े शॉट लगाए। ओवर की आखिरी दो गेंदों पर छक्के लगाकर उन्होंने अपना शतक पूरा किया। हेटमायर 45 गेंदों में 102 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि रोमारियो शेफर्ड 10 रन बनाकर नाबाद रहे। हेटमायर के शतक के दम पर गुयाना ने 4 विकेट पर 206 रनों को बड़ा स्कोर बनाया।

207 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जमैका किंग्समेन को माज सादाकत ने तेज शुरुआत दिलाई। पहले तीन ओवर में सादाकत ने 18 में से 17 गेंदों का सामना किया और 41 रन बनाए। इनमें 38 रन चौकों और छक्कों से आए। तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर वह आउट हो गए। इसके बाद किर्क मैकेंजी और कीसी कार्टी ने पारी को आगे बढ़ाया। मैकेंजी ने 20 गेंदों में 34 रन, जबकि कार्टी ने 40 गेंदों में 56 रन बनाए। सईम अयूब ने 17 गेंदों में 23 रन बटोरे।

किंग्समेन को आखिरी पांच ओवर में 55 रन की जरूरत थी। रोवमैन पॉवेल मैदान पर आए और उन्होंने मैच का रुख ही बदल दिया। उन्होंने 17 गेंदों में 4 छक्के और 2 चौके लगाते हुए 40 रन की नाबाद विस्फोटक पारी खेली, जिससे जमैका ने 19.4 ओवर में पांच विकेट पर 207 रन बनाते हुए जीत दर्ज कर ली। ------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह