डिस्ट्रिक्ट इंटर क्रिकेट क्लब टूर्नामेंट : रुक्मणी एकेडमी रेड ने रुक्मणी ब्लू को 3 विकेट से हराया
मुरादाबाद, 05 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में डिस्ट्रिक्ट इंटर क्रिकेट क्लब टूर्नामेंट में शुक्रवार को रुक्मणी क्रिकेट एकेडमी के मैदान पर खेले गए एक लीग मैच में रुक्मणी एकेडमी रेड ने रुक्मणी एकेडमी ब्लू टीम को तीन विकेट से हराया। मैच में सबसे ज्यादा रन अतिरिक्त के रूप में मिले। जिनकी बदौलत दोनों टीमों का स्कोर आगे बढ़ा। विजेता टीम को कुल 52 अतिरिक्त रन मिले।
डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स एसोसिएशन मुरादाबाद के सचिव व पूर्व रणजी खिलाडी विजय गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि पहले बल्लेबाजी करते हुए रुक्मणी एकेडमी ब्लू टीम 34.5 ओवर में 119 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से यश ने सबसे अधिक 28 रन बनाए, जबकि अलमाज ने 20 और मो. उवैस ने पांच रन का योगदान दिया। बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं बना सके और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। टीम के कुल 119 रन में 50 रन अतिरिक्त के रूप में मिले।
रुक्मणी एकेडमी रेड की ओर से गेंदबाजी में मो. हुसैन और मो. असद ने दो-दो विकेट झटके। कप्तान आयुष कुमार ने भी किफायती गेंदबाजी करते हुए 4.5 ओवर में मात्र छह रन देकर दो विकेट हासिल किए। अब्दुल शामी ने एक विकेट लिया। 120 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रुक्मणी एकेडमी रेड का पहला विकेट महज दो रन पर गिर गया। इसके बाद विकेटकीपर बल्लेबाज सुफियान ने 22 रन, मो. जीशान ने 23 रन और मो. हुसैन ने 15 रन बनाकर टीम को संभाला।
हालांकि बीच-बीच में विकेट गिरते रहे, लेकिन बल्लेबाजों ने आवश्यक रन गति बनाए रखी। इस पारी में भी अतिरिक्त रन निर्णायक साबित हुए। विजेता टीम को कुल 52 अतिरिक्त रन मिले, जिनमें 45 वाइड शामिल थीं। आखिरकार टीम ने 19.4 ओवर में 120 रन बनाकर सात विकेट पर लक्ष्य हासिल कर लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

