home page

असम को अपने क्रिकेट मंच का लंबे समय से था इंतजार : एसीए अध्यक्ष तरंग गोगोई

 | 
असम को अपने क्रिकेट मंच का लंबे समय से था इंतजार : एसीए अध्यक्ष तरंग गोगोई


गुवाहाटी, 13 जुलाई (हि.स.)। असम प्रीमियर लीग (एपीएल) के पहले संस्करण के लिए खिलाड़ियों की नीलामी 19 जुलाई को गुवाहाटी के एसीए स्टेडियम स्थित 91 यार्ड्स क्लब में आयोजित होगी। इस नीलामी में राज्यभर के 275 क्रिकेटरों पर आठ फ्रेंचाइजियां बोली लगाकर अपनी टीमों का गठन करेंगी।

असम क्रिकेट एसोसिएशन (एसीए) के अध्यक्ष तरंग गोगोई ने कहा कि 19 जुलाई की नीलामी के साथ यह लीग वास्तव में खिलाड़ियों की लीग बन जाएगी। उन्होंने कहा कि असम के हर जिले से खिलाड़ियों ने अपना नाम दर्ज कराया है और जल्द ही उन्हें पता चल जाएगा कि वे किस फ्रेंचाइज़ी का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि 1 अगस्त से शुरू होने वाली लीग को राज्य का हर क्रिकेट प्रेमी अपनी लीग मानेगा। गोगोई ने कहा कि असम लंबे समय से अपने क्रिकेट मंच का इंतजार कर रहा था और एसीए पहले सत्र को यादगार बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मार्की खिलाड़ियों की सूची में डेनिश दास, शिवशंकर रॉय, सुमित कश्यप, स्वरूपम पुरकायस्थ, जितुमनी कलिता, मृण्मय दत्ता, मुक्तार हुसैन, अविनव चौधरी, राहुल सिंह, सदाक हुसैन, भार्गव प्रतिम लहकर, साहिल जैन, प्रद्युन सैकिया, सौरव मौसुम दिहिंगिया, अब्दुल अजीज कुरैशी, आकाश सेनगुप्ता, आयुष्मान मालाकर, सुमित घाडीगांवकर, रोहित सेन और रुहिनंदन पेगु शामिल हैं।

ये सभी खिलाड़ी असम की ओर से बीसीसीआई टूर्नामेंट खेल चुके हैं और उद्घाटन सत्र के लिए टीमों के गठन में इन पर सबसे अधिक बोली लगने की उम्मीद है। असम प्रीमियर लीग का पहला संस्करण 1 अगस्त से शुरू होगा।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश