एशियाई खेलों में दक्षिण कोरिया के हॉकी मैच में बजा उत्तर कोरिया का राष्ट्रगान, आयोजकों ने मांगी माफी
नागोया (जापान), 19 सितंबर (हि.स.)। आइची-नागोया एशियाई खेलों के आयोजकों ने दक्षिण कोरिया के पुरुष हॉकी मुकाबले से पहले गलती से उत्तर कोरिया का राष्ट्रगान बजाए जाने पर माफी मांगी है। दक्षिण कोरिया के खेल निकाय ने शनिवार को यह जानकारी दी।
यह घटना शुक्रवार को जापान के गिफू प्रीफेक्चरल ग्रीन स्टेडियम में दक्षिण कोरिया और बांग्लादेश के बीच पुरुष हॉकी के पूल-ए मुकाबले से पहले हुई। योनहाप के अनुसार, मुकाबले से पहले दक्षिण कोरिया के राष्ट्रगान के स्थान पर उत्तर कोरिया का राष्ट्रगान बजा दिया गया।
गलती का पता चलने के बाद आयोजकों ने पहले बांग्लादेश का राष्ट्रगान बजाया और उसके बाद दक्षिण कोरिया का सही राष्ट्रगान बजाया।
घटना के तुरंत बाद कोरियन स्पोर्ट एंड ओलंपिक कमेटी (केएसओसी) ने एशियाई खेल आयोजन समिति के समक्ष आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई। उसने आयोजन समिति से इस गलती के लिए औपचारिक माफी मांगने और भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न होने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
केएसओसी के मुताबिक, उसी दिन रात करीब नौ बजे एशियाई खेल आयोजन समिति के दो अधिकारियों ने दक्षिण कोरियाई टीम के कार्यालय पहुंचकर इस घटना के लिए औपचारिक रूप से माफी मांगी।
केएसओसी के अध्यक्ष यू सेउंग-मिन ने कहा कि संगठन दक्षिण कोरियाई खिलाड़ियों को खेल से जुड़े मामलों पर पूरी तरह ध्यान केंद्रित करने में मदद करता रहेगा, ताकि गैर-खेल संबंधी घटनाओं से उनका ध्यान न भटके।
उन्होंने कहा कि किसी अंतरराष्ट्रीय बहु-खेल प्रतियोगिता में राष्ट्रीय पहचान के प्रतीक राष्ट्रगान का गलत बजना स्वीकार्य नहीं है और इस मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।
यू सेउंग-मिन ने कहा कि केएसओसी आयोजन समिति से घटना के कारणों की पूरी जांच करने और भविष्य में ऐसी गलती रोकने के लिए प्रभावी उपाय लागू करने की मांग जारी रखेगा।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

