home page

अनिका दुबे ने एशियन जूनियर स्क्वैश में जीता कांस्य, बनीं महाराष्ट्र की सबसे युवा पदक विजेता

 | 
अनिका दुबे ने एशियन जूनियर स्क्वैश में जीता कांस्य, बनीं महाराष्ट्र की सबसे युवा पदक विजेता


पुणे, 07 जुलाई (हि.स.)। महाराष्ट्र की उभरती हुई स्क्वैश स्टार अनिका दुबे ने दक्षिण कोरिया में आयोजित 32वीं एशियन जूनियर इंडिविजुअल स्क्वैश चैंपियनशिप में गर्ल्स अंडर-17 वर्ग में कांस्य पदक जीतकर राज्य और देश का नाम रोशन किया है। मात्र 15 वर्ष की उम्र में यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर अनिका ने न सिर्फ अपने खेल सफर में एक अहम मील का पत्थर जोड़ा, बल्कि भारत की चार पदक विजेता खिलाड़ियों में भी अपना नाम दर्ज कराया।

यह सफलता खासतौर पर पुणे जैसे शहर के लिए प्रेरणास्रोत है, जो धीरे-धीरे भारत के खेल मानचित्र पर अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज करा रहा है। अनिका की इस उपलब्धि ने महाराष्ट्र को एशियाई स्क्वैश मंच पर एक नई पहचान दिलाई है और यह राज्य के जूनियर स्क्वैश इतिहास में अब तक के सबसे उल्लेखनीय प्रदर्शनों में गिना जा रहा है।

अनिका की इस कामयाबी पर उनके कोच अभिनव सिन्हा ने गर्व जताते हुए कहा, “अनिका का यह कांस्य पदक उस नई पीढ़ी की कहानी है जो भारतीय खेलों की परिभाषा को बदल रही है। वह उस बदलाव की प्रतीक हैं, जो छोटे शहरों में चुपचाप आकार ले रहा है। यह जीत सिर्फ अनिका की नहीं, बल्कि उन हर माता-पिता, कोच और बच्चों की है जो सीमित संसाधनों में भी बड़े सपने देख रहे हैं।”

अनिका इस समय भारत की अंडर-19 गर्ल्स डिविज़न में नंबर 2 रैंक पर हैं और हाल ही में उन्हें जुलाई में काहिरा (मिस्र) में होने वाली वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप के लिए भारतीय दल में चुना गया है। वह इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली महाराष्ट्र की सबसे युवा खिलाड़ी बनी हैं।

अनिका, चांस2स्पोर्ट्स इनिशिएटिव और कांगा किड्स सिस्टम के तहत कोच अभिनव सिन्हा के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।

अनिका दुबे की यह उपलब्धि न केवल भारतीय स्क्वैश के भविष्य को उज्जवल बनाती है, बल्कि यह भी साबित करती है कि प्रतिबद्धता, मेहनत और सही मार्गदर्शन से छोटे शहरों से भी विश्वस्तरीय खिलाड़ी उभर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे