फाइनल में पहुंची गोरखपुर की आदित्या यादव और मुरादाबाद की रिद्धिमा सिंह की जोड़ी
गोरखपुर, 12 सितंबर (हि.स.)। स्वर्गीय प्रकाश नारायण श्रीवास्तव द्वितीय अंडर-19 राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के तीसरे दिन शनिवार को लेविन्स एकेडमी में क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। महिला एकल और युगल वर्ग के मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। प्रतियोगिता के महिला युगल वर्ग में गोरखपुर की आदित्या यादव और मुरादाबाद की रिद्धिमा सिंह की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया।
महिला एकल के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में नोएडा की गरिमा सिंह ने आगरा की कुहू को तीन सेट तक चले रोमांचक मुकाबले में 15-9, 8-15 और 15-10 से शिकस्त दी। वहीं गोरखपुर की आदित्या यादव ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए वाराणसी की याना गुप्ता को सीधे दो सेटों में 15-12, 15-9 से पराजित किया। आगरा की दिव्यांशी गौतम ने गाजियाबाद की किया चौधरी को 15-5, 15-11 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। नोएडा की श्रुति चौहान ने मेरठ की रुद्राक्षी राणा को 15-11, 15-12 से मात दी।
महिला युगल के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में गोरखपुर की आदित्या यादव और मुरादाबाद की रिद्धिमा सिंह की जोड़ी ने कानपुर की इशिका सिंह और समृद्धि सोनकर की जोड़ी को एकतरफा मुकाबले में 15-0, 15-3 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। रुद्राक्षी राणा और नोएडा की स्नेहा मौर्या की जोड़ी ने गाजियाबाद की रिया चौधरी और गोरखपुर की शगुन की जोड़ी को 15-11, 15-11 से हराकर अंतिम चार में स्थान बनाया।
हापुड़ की रिद्धि भारद्वाज और नोएडा की श्रुति चौहान की जोड़ी ने संघर्षपूर्ण मुकाबले में आगरा की पलक और वाराणसी की याना गुप्ता की जोड़ी को 15-8, 14-16, 15-11 से पराजित किया।
बालक एकल वर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में नोएडा के अमन यादव ने आगरा के शुभम सोलंकी को 15-8, 15-4 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वहीं मुरादाबाद के देवांग तोमर ने नोएडा के एकलव्य खरवार को 15-7, 15-9 से पराजित कर अगले दौर में जगह बनाई।
महिला एकल के सेमीफाइनल मुकाबले में आगरा की दिव्यांशी गौतम ने नोएडा की श्रुति चौहान को 15-8, 15-11 से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की। महिला युगल के सेमीफाइनल में गोरखपुर की आदित्या यादव और मुरादाबाद की रिद्धिमा सिंह की जोड़ी ने शानदार तालमेल का प्रदर्शन करते हुए गाजियाबाद की किरात चौधरी और आजमगढ़ की सौम्या सिंह की जोड़ी को सीधे दो सेटों में 15-7, 15-10 से शिकस्त दी और फाइनल का टिकट कटाया।
एक अन्य सेमीफाइनल मुकाबले में हापुड़ की रिद्धि भारद्वाज और नोएडा की श्रुति चौहान की जोड़ी ने मेरठ की रुद्राक्षी राणा और नोएडा की स्नेहा मौर्या की जोड़ी को 15-7, 15-7 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। इसके साथ ही महिला युगल वर्ग के खिताबी मुकाबले की तस्वीर साफ हो गई।
प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में गोरखपुर बैडमिंटन संघ के सचिव राजित श्रीवास्तव, अंतरराष्ट्रीय अंपायर रवि दीक्षित, मैच कंट्रोलर सहारनपुर के मनीष कुमार, महेश सक्सेना, संजय श्रीवास्तव, चंदन तिवारी, उत्सव शर्मा, अजीत सिंह, मोहसिन खान सहित अन्य पदाधिकारियों एवं सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले रविवार से शुरू होंगे। इसके साथ ही पुरस्कार वितरण समारोह रविवार को अपराह्न तीन बजे लेविन्स एकेडमी में आयोजित किया जाएगा। समारोह के मुख्य अतिथि सिद्धार्थ विश्वविद्यालय, कपिलवस्तु के पूर्व कुलपति डॉ. सुरेंद्र दुबे जी होंगे। उनके द्वारा प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। फाइनल मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों के साथ-साथ खेल प्रेमियों में भी उत्साह बना हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

