उत्तर प्रदेश की पुरुष आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स टीम ने जीता रजत पदक, प्रदेश के खेल प्रेमियों में खुशी
लखनऊ, 09 फरवरी (हि.स.)। उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तर प्रदेश के लिए जिम्नास्टिक टीम ने रजत पदक जीता। पुरुष आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स टीम फाइनल में उत्तर प्रदेश की टीम संघर्षपूर्ण मुकाबले के बाद 212.30 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रही। उत्तर प्रदेश टीम में शामिल अभिजीत कुमार, आदित्य सिंह राणा, आशीष कुमार, प्रणव कुशवाहा, सिद्धार्थ वर्मा की टीम ने कोच अंकित त्रिपाठी के मार्गदर्शन में शानदार प्रदर्शन किया। इस जीत की खबर लगते ही प्रदेश के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गयी।
जिम्नास्टिक के विजेताओं को उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डाॅ.आनन्देश्वर पाण्डेय ने पदक प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए आगामी स्पर्धाओं में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए आर्शीवाद दिया। इस स्पर्धा में सर्विसेज की टीम ने 214.90 के स्कोर के साथ पहला स्थान हासिल किया जबकि हरियाणा की टीम 204.90 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रही। अब तक उत्तर प्रदेश ने राष्ट्रीय खेलों में 10 स्वर्ण, 11 रजत और 8 कांस्य सहित कुल 29 पदक अपने नाम किए हैं और पदक तालिका में 11वें स्थान पर चल रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र नाथ राय

