home page

अंडर-23 बालक एवं बालिका कुश्ती चयन ट्रायल्स में 20 खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा

 | 
अंडर-23 बालक एवं बालिका कुश्ती चयन ट्रायल्स में 20 खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा


मुरादाबाद, 21 मई (हि.स.)। अंडर-23 बालक एवं बालिका कुश्ती चयन ट्रायल्स का आयोजन गुरुवार को नेताजी सुभाचंद्र बोस सोनकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में किया गया। ट्रायल्स में जिले के कई अखाड़ों और प्रशिक्षण केंद्रों से आए करीब 20 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

चयन ट्रायल्स का आयोजन जिला कुश्ती संघ के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के निर्देश पर किया गया। ट्रायल्स के माध्यम से चयनित खिलाड़ी 31 मई से 2 जून तक भदोही के ज्ञानपुर में आयोजित होने वाली अंडर-23 स्टेट कुश्ती चैपियनशिप में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। ट्रायल्स में बालक फ्रीस्टाइल, ग्रीको रोमन और बालिका वर्ग के विभिन्न भार वर्गों में मुकाबले कराए गए। खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। ट्रायल्स से पहले खिलाड़ियों की वजन प्रक्रिया पूरी कराई गई तथा दस्तावेजों की जांच भी की गई।

जिला कुश्ती संघ के सचिव पवन कुमार सिसोदिया ने बताया कि चयनित पहलवान राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले के लिए पदक जीतने का प्रयास करेंगे। उन्होंने खिलाड़ियों को मेहनत के साथ तैयारी करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर क्रीड़ाधिकारी सुनील कुमार सिंह, कुश्ती कोच गोविंद कुमार यादव, वीर सिंह, करतार सिंह आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल