सब जूनियर महिला राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप में चौथे दिन असम और जम्मू-कश्मीर ने दर्ज की अहम जीत

- हिमाचल और असम को डिवीजन ‘बी’ में प्रमोशन
रांची, 06 जुलाई (हि.स.)। मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में चल रही 15वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2025 के चौथे दिन डिवीजन ‘सी’ और ‘बी’ के रोमांचक मुकाबलों में कई टीमों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। असम हॉकी और जम्मू-कश्मीर हॉकी ने डिवीजन ‘सी’ के अपने अंतिम मुकाबले जीतकर प्रतियोगिता में शानदार समापन किया। इसके साथ ही हॉकी हिमाचल (पूल ए) और असम हॉकी (पूल बी) ने शीर्ष पर रहते हुए डिवीजन ‘बी’ में प्रमोशन प्राप्त कर लिया।
डिवीजन 'सी' के मुकाबले
असम हॉकी ने तेलंगाना हॉकी को 6-2 से हराया। इस मैच में रितिका टिग्गा (3’, 14’, 58’) की हैट्रिक और ज्योष्णा एक्का (9’, 52’) तथा कप्तान रोशनी बुर्ह (54’) के बेहतरीन खेल ने असम को जीत दिलाई। तेलंगाना के लिए अनु कुमारी (46’) और ए. वर्षिता (22’) ने एक-एक गोल किया।हॉकी जम्मू-कश्मीर ने गोआंस हॉकी को 4-1 से पराजित किया। गोआ की वायदांडे भूमि भिमा (5’) ने शुरुआत में बढ़त दिलाई, लेकिन अक्षरा दत्ता (9’, 46’), कुमारी शिवानी (23’) और मनीक्षा देवी (59’) के गोल ने जम्मू-कश्मीर को जीत दिला दी।
डिवीजन 'बी' के मुकाबले
छत्तीसगढ़ हॉकी ने तमिलनाडु को 2-1 से हराया। पहले दो क्वार्टर में कोई गोल नहीं हुआ, लेकिन डुबी रावत (36’) और श्यामली रे (43’) ने स्कोर खोला। तमिलनाडु की कप्तान जोवीना डेफनी एमजे (59’) ने अंतिम क्वार्टर में एक गोल किया, लेकिन टीम वापसी नहीं कर सकी। मणिपुर हॉकी ने कर्नाटक हॉकी को 2-0 से मात दी। मैच के अंतिम क्षणों में हुइड्रोम विद्यालक्ष्मी देवी (56’, 56’) ने एक ही मिनट में दो गोल कर मणिपुर को जीत दिलाई। दादरा और नगर हवेली एवं दमन और दीव हॉकी ने केरल हॉकी को 6-1 से रौंदा। मानसी यादव (6’), रिया गौड़ (19’), दिव्या (10’), मानसी सरोज (23’, 60’) और प्रिन्सी यादव (47’) ने टीम के लिए गोल किए। केरल की ओर से एकमात्र गोल शालिनी मुंगमुरी (34’) ने किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय