नेशनल हॉकी चैंपियनशिपः खिताबी मुकाबले के लिए मध्यप्रदेश और पंजाब में भिड़ंत

 | 
नेशनल हॉकी चैंपियनशिपः खिताबी मुकाबले के लिए मध्यप्रदेश और पंजाब में भिड़ंत


झांसी, 13 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के ऐतिहासिक शहर झांसी में चल रही 15वीं हॉकी इंडिया सीनियर मेंस नेशनल चैंपियनशिप 2025 अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। शनिवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में हॉकी मध्यप्रदेश और हॉकी पंजाब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह पक्की कर ली। अब ये दोनों टीमें खिताब के लिए आमने-सामने होंगी।

पहले सेमीफाइनल में हॉकी मध्यप्रदेश ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए मणिपुर हॉकी को 5-3 से मात दी। टीम के कप्तान यूसुफ अफ्फान (5’, 34’) और अली अहमद (7’, 15’) ने दो-दो गोल कर टीम को शानदार बढ़त दिलाई। मोहम्मद जैद खान (49’) ने भी निर्णायक क्षणों में गोल कर जीत सुनिश्चित की। मणिपुर की ओर से मोइरांगथेम रबीचंद्र सिंह (47’), कप्तान चिंगलेनसना सिंह कंगुजम (50’) और लैशराम दीपु सिंह (53’) ने गोल किए, लेकिन वे हार से टीम को नहीं बचा सके।

दूसरे सेमीफाइनल में मेजबान उत्तर प्रदेश हॉकी को हॉकी पंजाब के हाथों 4-3 से हार का सामना करना पड़ा। पंजाब के जसजीत सिंह कुल्लर (14’, 40’) ने दो गोल दागे, जबकि हरजीत सिंह (22’) और जगराज सिंह (45’) ने भी गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। यूपी की ओर से शारदानंद तिवारी (41’, 43’) ने दमदार वापसी की कोशिश की और पवन राजभर ने एक गोल जोड़ा, लेकिन अंतिम समय तक टीम बराबरी नहीं कर सकी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय