वेटरन बिलियर्ड्स चैम्पियनशिप का शुभारम्भ
-प्रथम दिन राकेश, जेके, सुधीर, दिनेश, अनीश ने दिखाए हाथ
प्रयागराज, 27 जून (हि.स)। प्रयागराज क्यू स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में चार दिवसीय वेटरन बिलियर्ड्स चैम्पियनशिप-2026 शनिवार से वेलकम होटल बाय आईटीसी होटल्स में शुरू हुई। 27 से 30 जून तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में शहर के प्रतिष्ठित उद्योगपति, शिक्षाविद, अधिवक्ता एवं समाजसेवी भाग ले रहे हैं।
जिसमें यूनाइटेड ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के वाइस चेयरमैन सतपाल गुलाटी, वेलकम होटल बाय आईटीसी होटल्स प्रयागराज के प्रबंध निदेशक जेके अग्रवाल, होटल ग्रैंड कॉन्टिनेंटल के स्वामी अनीश बिर, बैद्यनाथ समूह के धनंजय शर्मा, इलाहाबाद उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता एडी सॉन्डर्स, अधिवक्ता राकेश बग्गा, रियल एस्टेट डेवलपर दीपक दरबारी, व्यवसायी सुधीर बग्गा, रियल एस्टेट डेवलपर दिनेश अग्रवाल तथा राजकमल अग्रवाल सहित कई शामिल हैं।
पहले दिन खेले गए मुकाबलों में राकेश बग्गा, जेके अग्रवाल, सुधीर बग्गा, दिनेश अग्रवाल, अनीश बिर तथा एडी सॉन्डर्स ने अपने सधे हुए स्ट्रोक्स, उत्कृष्ट क्यू कंट्रोल और अनुभव का परिचय देते हुए दर्शकों को रोमांचक मुकाबलों का आनंद कराया। प्रयागराज क्यू स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव विनायक अग्रवाल बताया कि वेटरन बिलियर्ड्स चैम्पियनशिप के प्रथम चरण के आयोजन के लिए चल रही प्रयागराज डिस्ट्रिक्ट स्नूकर चैम्पियनशिप-2026 को एक दिन के लिए स्थगित किया गया है। उन्होंने बताया कि वेटरन बिलियर्ड्स चैम्पियनशिप तथा प्रयागराज डिस्ट्रिक्ट स्नूकर चैम्पियनशिप का समापन 30 जून को होगा। पुरस्कार वितरण समारोह में प्रयागराज के पुलिस आयुक्त जोगेन्द्र सिंह मुख्य अतिथि होंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

